Sambhal Shahi Jama Masjid : होली के दिन संभल की शाही जामा मस्जिद जुमे की नमाज पढ़ने पर बना सस्पेंस साफ हो गया है। मस्जिद में जुमे की नमाज पढ़ी जाएगी लेकिन ढाई बजे के बाद। मस्जिद की प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जफर अली ने बुधवार को कहा कि 14 मार्च को होली की वजह से शुक्रवार की नमाज अपराह्न ढाई बजे होगी। साथ ही मस्जिद की रंगाई-पुताई और जीर्णोद्धार का काम गुरुवार से शुरू हो जाएगा। अली ने बुधवार शाम को संवाददाताओं को बताया कि दोनों समुदायों के लोगों से होली मनाने और सद्भाव के माहौल में शुक्रवार की नमाज अदा करने का आग्रह किया गया है।
होली खेलने वाले इलाके से दूर रहें मुस्लिम-अली
उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों को होली खेले जाने वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी और शरारती तत्वों की हरकतों के प्रति आगाह किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे तत्व हर समुदाय में मौजूद होते हैं। मस्जिदों को तिरपाल से ढकने के प्रशासन के कदम के बारे में अली ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह एक सकारात्मक कदम है।
तिरपाल से ढंकी गई मस्जिद के पीछे की दीवार
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में भी मस्जिदों को इसी तरह से ढका गया था और इस साल भी प्रशासन और पुलिस ने इसी तरह की सावधानियां बरती हैं। अली ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश के बाद शाही जामा मस्जिद की रंगाई पुताई के मुद्दे पर कहा कि मस्जिद के मुख्य द्वार से काम शुरू होगा। चूंकि, होली के रंगों से बचाने के लिए मस्जिद के पीछे की दीवारों को तिरपाल से ढक दिया गया है, इसलिए उस क्षेत्र में पेंटिंग त्योहार के बाद की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की टीम की देखरेख में की जाएगी।
श्री हरि विष्णु मंदिर को 1526 में तोड़ा गया-सीएम योगी
संभल के मस्जिद विवाद के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि संभल का उल्लेख 5,000 साल पुराने शास्त्रों में है और यह इस्लाम से पहले का है। उन्होंने कहा कि दुनिया में हर धर्म और पूजा पद्धति में कुछ अच्छे गुण होते हैं लेकिन किसी की आस्था को जबरन जब्त करना और उनकी मान्यताओं को कुचलना अस्वीकार्य है -‘खासकर जब हम संभल के बारे में सच्चाई जानते हैं।’आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि संभल में श्री हरि विष्णु मंदिर को 1526 में नष्ट कर दिया गया था। उन्होंने कहा, 'संभल का उल्लेख 5,000 साल पुराने ग्रंथों में है। उनमें भगवान विष्णु के भावी अवतार का उल्लेख है। दूसरी ओर, इस्लाम का उदय केवल 1,400 साल पहले हुआ। मैं ऐसी चीज़ की बात कर रहा हूं जो इस्लाम से कम से कम 2,000 साल पुरानी है।' मुख्यमंत्री ने कहा, 'इन बातों के सबूत सदियों से मौजूद हैं। याद कीजिए, 1526 में संभल में भगवान विष्णु का मंदिर तोड़ा गया था। दो साल बाद, 1528 में अयोध्या में राम मंदिर को भी तोड़ दिया गया था।'
मस्जिद की रंगाई-पुताई का कोर्ट ने दिया आदेश
इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को संभल स्थित जामा मस्जिद की पुताई का काम एक सप्ताह में पूरा करने का बुधवार को निर्देश दिया। संबद्ध पक्षों को सुनने के बाद न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल ने एएसआई को मस्जिद की बाहरी दीवारों की पुताई और वहां लाइट लगाने का निर्देश दिया। मस्जिद की पुताई और लाइट लगाने का निर्देश पारित करते हुए अदालत ने कहा कि एएसआई मस्जिद की बाहरी दीवारों की पुताई के संबंध में मस्जिद कमेटी द्वारा दायर हलफनामे का स्पष्ट जवाब देने में विफल रहा।
