Macron arrives in Mumbai : फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपनी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों के साथ सोमवार रात मुंबई पहुंचे। मंगलवार को मैक्रों की मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होगी। फ्रांस के राष्ट्रपति 19 फरवरी तक भारत की यात्रा पर रहेंगे। मुंबई एयरपोर्ट पर महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत एवं मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने उनकी अगवानी की। पीएम मोदी के निमंत्रण पर मैक्रों की यह भारत की यह चौथी यात्रा है। मुंबई में पीएम मोदी और मैक्रों भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे।
मुंबई पहुंचे फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों।
क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर बात करेंगे दोनों नेता
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों नेताओं की बातचीत रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने तथा उन्हें नए और उभरते क्षेत्रों तक विस्तारित करने पर केंद्रित रहेगी। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों क्षेत्रीय एवं वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। आधिकारिक बयान में कहा गया, 'प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 फरवरी को मुंबई जाएंगे, जहां वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करेंगे।’
आपसी रिश्ते में हुई प्रगति की समीक्षा भी
इसमें कहा गया कि इस दौरान दोनों नेता भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर मैक्रों 17 से 19 फरवरी तक भारत की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह भारत द्वारा आयोजित ’एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेंगे और मुंबई में प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय शिखर वार्ता करेंगे। यह उनकी भारत की चौथी और मुंबई की पहली यात्रा होगी।
'भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026’ का उद्घाटन
कार्यक्रम के अनुसार, 17 फरवरी को अपराह्न लगभग सवा तीन बजे दोनों नेता मुंबई स्थित लोक भवन में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके बाद शाम लगभग सवा पांच बजे वे 'भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026’ का उद्घाटन करेंगे और दोनों देशों के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, स्टार्टअप, शोधकर्ताओं तथा नवाचारकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
PM मोदी ने किया 'इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो’का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी ने कृत्रिम मेधा (एआई) पर यहां 'भारत मंडपम’ में आयोजित प्रदर्शनी 'इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो’ का सोमवार को उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी में 600 से अधिक उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप भाग ले रहे हैं। इसके साथ 13 देशों के मंडप भी स्थापित किए गए हैं, जो एआई क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इस प्रदर्शनी का उद्घटान करने के बाद इसमें हिस्सा ले रही स्टार्टअप कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद भी किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉल पर जाकर कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की।
