देश

केरल बीजेपी की कमान अब PM मोदी के भरोसेमंद राजीव चंद्रशेखर के पास, रह चुके हैं केंद्रीय मंत्री

पूर्व केंद्रीय मंत्री और पीएम मोदी के भरोसेमंद राजीव चेंद्रशेखर को केरल बीजेपी का अध्यक्ष चुना गया है। राजीव चंद्रशेखर पीएम मोदी के दूसरे कार्यकाल में मंत्री थी और बीजेपी के तेजतर्रार नेता माने जाते हैं।

Image

राजीव चंद्रशेखर भाजपा की केरल इकाई के नए अध्यक्ष चुने गए

Photo : Twitter

पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर को सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की केरल इकाई का नया अध्यक्ष चुना गया। पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक प्रह्लाद जोशी ने यहां आयोजित भाजपा की राज्य परिषद की बैठक के दौरान यह घोषणा की। चंद्रशेखर शीर्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे और उन्होंने रविवार को यहां भाजपा मुख्यालय में इस पद के लिए दो नामांकन पत्र दाखिल किए। राजीव चंद्रशेखर पीएम मोदी के करीबी माने जाते हैं, पीएम मोदी के दूसरे कार्यकाल में राजीव चंद्रशेखर मंत्री भी थे।

घोषणा के समय क्या बोले के. सुरेंद्रन

इस घोषणा के समय निवर्तमान अध्यक्ष के. सुरेंद्रन और प्रदेश इकाई के प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर सहित राज्य में भाजपा के सभी प्रमुख नेता मौजूद थे।

सुरेंद्रन ने मंच पर चंद्रशेखर को पार्टी का झंडा सौंपा। सुरेंद्रन ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 10 साल में भाजपा ने केरल में अभूतपूर्व प्रगति की है।

उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर को सभी पार्टी नेताओं ने शीर्ष पद के लिए सर्वसम्मति से चुना है तथा विभिन्न क्षेत्रों में उनका अनुभव एवं विशेषज्ञता राज्य में भाजपा की प्रगति को गति प्रदान करेगी। पूर्व अध्यक्ष ने कुछ लोगों द्वारा की जा रही इस आलोचना को भी खारिज किया कि चंद्रशेखर एक नियमित नेता नहीं हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि वह अपनी नयी भूमिका में चमकेंगे।

कौन हैं राजीव चंद्रशेखर

चंद्रशेखर के पास दो दशक का राजनीतिक अनुभव है। वह इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी, कौशल विकास और उद्यमिता तथा जल शक्ति विभागों के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने तीन बार कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में अपनी सेवा दी है। वह राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की केरल इकाई के उपाध्यक्ष थे। केरल में चर्चित चेहरा चंद्रशेखर ने राजग प्रत्याशी के रूप में तिरुवनंतपुरम से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ा था लेकिन वह कांग्रेस के शशि थरूर से 16,077 मतों के अंतर से हार गए थे। गुजरात के अहमदाबाद में केरल मूल के परिवार में जन्मे चंद्रशेखर का त्रिशूर से पारिवारिक नाता है। उनके ससुर टी पी जी नांबियार बीपीएल समूह के संस्थापक हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article