देश

झारखंड में BJP के फिर खेबनहार बनेंगे रघुवर दास? सीएम के बाद राज्यपाल और अब फिर से सक्रिय राजनीति में वापसी

झारखंड के सीएम रह चुके रघुवर दास ने कहा कि हाल में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे हमारी पार्टी के लिए अनुकूल नहीं रहे हैं, लेकिन इससे हमें मायूस नहीं होना है। चुनाव में हार-जीत होती रहती है। हम अपनी पार्टी के विचारों और लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते रहेंगे।

Image

भाजपा नेता रघुवर दास (फोटो- Raghubar Das)

ओडिशा के राज्यपाल के पद से हाल में इस्तीफा देने वाले रघुवर दास ने सक्रिय राजनीति में दूसरी पारी का औपचारिक तौर पर आगाज कर दिया है। उन्होंने शुक्रवार को रांची में हजारों समर्थकों और पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर उनके समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की।

दूसरी बार बीजेपी की सदस्यता

रघुवर दास ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए ऐतिहासिक है। 1980 के बाद दूसरी बार पार्टी की सदस्यता ले रहा हूं। राज्यपाल के रूप में नियुक्ति की अधिसूचना जारी होने के बाद 26 अक्टूबर 2023 को जब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी को इस्तीफा सौंपा था, तो वह मेरे लिए बहुत भावुक पल था। एक गरीब घर के बेटे को जितना मान-सम्मान मिला, वह केवल भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है। झारखंड के सीएम रह चुके रघुवर दास ने कहा कि हाल में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे हमारी पार्टी के लिए अनुकूल नहीं रहे हैं, लेकिन इससे हमें मायूस नहीं होना है। चुनाव में हार-जीत होती रहती है। हम अपनी पार्टी के विचारों और लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा, ''वी विल कम बैक सून (हमलोग जल्द लौटेंगे)।''

मिल सकती है झारखंड की कमान

राजनीति में रघुवर दास की नई सक्रिय पारी उस वक्त शुरू हुई है, जब भाजपा के भीतर राज्य में सशक्त नेतृत्व के विकल्पों पर मंथन चल रहा है। फरवरी महीने में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का नाम तय होना है। कयास लगाया जा रहा है कि प्रदेश नेतृत्व संभालने के लिए रघुवर दास को एक बार फिर से आगे किया जा सकता है। वह पहले भी दो बार झारखंड प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में भी वह संगठन में सक्रिय रहे हैं। उनकी पहचान राज्य में पार्टी के सबसे बड़े ओबीसी लीडर के तौर पर रही है। एक चर्चा यह भी है कि पार्टी उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में बड़ा दायित्व दे सकती है।

झामुमो का हमला

ओडिशा के पूर्व राज्यपाल और झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास की सक्रिय राजनीति में वापसी पर तंज करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी इस कदर हताश है कि वह अब रिटायर्ड हर्ट प्लेयर को बैटिंग के लिए पिच पर उतार रही है। झामुमो के महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि रघुवर दास 2019 में हेमंत बाबू के बाउंसर से पूरी तरह चोटिल हो गए थे तो उन्हें भाजपा नेतृत्व ने ‘इलाज’ के लिए ओडिशा भेजा था। भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि रघुवर दास राज्यपाल के संवैधानिक पद पर बिठाए गए थे, लेकिन उन्होंने भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में काम किया। यह बात भाजपा के मंच से ही कही गई। राज्यपाल की नियुक्ति राष्ट्रपति करते हैं, जिनके जिम्मे संविधान की रक्षा का दायित्व होता है। ऐसे में कोई व्यक्ति राज्यपाल के पद पर रहकर भी भाजपा का कार्यकर्ता रहे तो यह चिंता का विषय है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article