कर्नाटक के सियासी गलियारों में इन दिनों बड़ी सियासी हलचल हो रही है। कल डीके शिवकुमार सीएम पद की शपथ लेगें, इससे पहले वे डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इन सबके बीच, कर्नाटक के पूर्व सीएम सिद्धारमैया को कांग्रेस ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें मंगलवार को पार्टी कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) का सदस्य नियुक्त किया।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया (फोटो-@siddaramaiah)
पार्टी के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया की नियुक्ति को लेकर एक विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। इसमें उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सिद्धरमैया की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से की। गौरतलब है कि कांग्रेस आलाकमान के कहने के बाद सिद्धरमैया ने बीते 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था।
मल्लिकार्जुन खरगे तथा राहुल गांधी से की थी मुलाकात
इससे पहले, कर्नाटक के भावी मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया ने राज्य के अगले मंत्रिमंडल को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ चर्चा की। शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया सोमवार दोपहर दिल्ली पहुंचे थे।
कल शाम को शपथ लेंगे डीके शिवकुमार
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शिवकुमार तीन जून को शाम चार बजकर पांच मिनट पर लोक भवन परिसर में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कांग्रेस नेतृत्व के कहने पर सिद्धरमैया के इस्तीफा देने के बाद वह इस जिम्मेदारी को संभालने जा रहे हैं। शिवकुमार के साथ कुछ विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। शिवकुमार को शनिवार को औपचारिक रूप से कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था।
नए अध्यक्ष को लेकर भी चर्चा जारी
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के नए अध्यक्ष को लेकर भी चर्चा जारी है। यह पद फिलहाल शिवकुमार के पास है। वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री सतीश जारकीहोली इस दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के साथ-साथ मंत्री पद भी चाहते हैं।
सूत्रों का कहना है कि 18 जून को होने वाले राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के बारे में भी इन बैठकों में चर्चा हुई है। विधानसभा में मौजूदा संख्या बल के आधार पर कांग्रेस राज्यसभा की चार में से तीन और विधान परिषद की सात में से पांच सीट जीतने की स्थिति में है।
