देश

DK Shivakumar Oath Ceremony: डीके शिवकुमार आज लेंगे CM पद की शपथ, राहुल-खरगे सहित कई दिग्गज नेताओं की रहेगी मौजूदगी

Karnataka New CM: कर्नाटक कांग्रेस के संकटमोचक और वोक्कालिगा समुदाय के कद्दावर नेता डी.के. शिवकुमार बुधवार को लोक भवन के 'ग्लास हाउस' में शाम 4.05 बजे कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। राज्यपाल थावरचंद गहलोत उन्हें शपथ दिलाएंगे। निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के इस्तीफे के बाद 30 मई को शिवकुमार को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था। बेंगलुरु में भारी ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए समारोह को सादे तरीके से आयोजित किया जा रहा है।

Image

डीके शिवकुमार आज सीएम पद की शपथ लेंगे। AI IMAGE

Karnataka New CM: कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार आज (बुधवार) को यहां लोक भवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सूत्रों ने यह जानकारी दी। वोक्कालिगा समुदाय से आने वाले शिवकुमार (64) कर्नाटक में 30 मई को कांग्रेस विधायक दल के नेता चुने गए थे।

राज्यपाल थावरचंद गहलोत लोक भवन के ’ग्लास हाउस’ में शाम 4.05 बजे उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। हालांकि, आधिकारिक तौर पर यह ज्ञात नहीं है कि बुधवार को कितने मंत्री शपथ लेंगे। लेकिन सूत्रों के अनुसार, 12 से 14 मंत्री शपथ ग्रहण कर सकते हैं। आठ बार के विधायक शिवकुमार निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के साथ लंबे समय से चले आ रहे सत्ता संघर्ष के बाद अब राज्य में शासन की बागडोर संभालेंगे।

सिद्धरमैया ने पिछले सप्ताह कांग्रेस आलाकमान के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया, जिससे दक्षिण भारत में पार्टी के संकटमोचक माने जाने वाले शिवकुमार के लिए इस प्रतिष्ठित पद पर आसीन होने का रास्ता साफ हो गया।

खबरों के मुताबिक, राज्य भर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना के कारण बेंगलुरु में व्यस्त समय के दौरान यातायात अवरूद्ध होने की आशंका को लेकर शपथ ग्रहण समारोह सादे तरीके से आयोजित किया जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह पहले विधान सौध की भव्य सीढ़ियों पर विशाल जनसमूह की उपस्थिति में आयोजित करने की योजना थी।

कार्यक्रम में ये दिग्गज नेता होंगे शामिल

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला के इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। कांग्रेस और ’इंडिया’ गठबंधन शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ केंद्रीय नेताओं, गणमान्य व्यक्तियों और आमंत्रित मेहमानों के भी उपस्थित रहने की उम्मीद है।

सूत्रों के अनुसार, विभिन्न मठों के महंतों सहित सभी प्रमुख समुदायों के धर्म गुरुओं को आमंत्रित किया गया है। इस बीच, मंगलवार को नयी दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान, शिवकुमार और सिद्धरमैया के बीच मंत्रिपरिषद की संरचना को लेकर गहन बातचीत जारी रही। खरगे और राहुल गांधी भी बैठकों में शामिल हुए।

लोक भवन में किए गए व्यापक इंतजाम

कर्नाटक की मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री समेत 34 मंत्रियों की स्वीकृत संख्या है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि एक से अधिक उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं। लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह के लिए व्यापक इंतजाम किये गए हैं। विधानसभा सौध और लोक भवन परिसर के आसपास कांग्रेस के झंडे तथा सोनिया गांधी, राहुल गांधी, शिवकुमार, वेणुगोपाल, सुरजेवाला और निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया सहित अन्य नेताओं की तस्वीरों वाले बैनर लगाए गए हैं।

बेंगलुरु पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने संवादताओं को बताया कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गए हैं। केवल आमंत्रित किये गए व्यक्तियों को ही प्रवेश मिलेगा।’’ लोक भवन के आसपास भारी यातायात को देखते हुए, विधान सौध, विकास सौध और बहुमंजिला सरकारी कार्यालय भवन में कार्यरत कर्मचारियों के लिए 3 जून को आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article