गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी का आज रोजकोट में अंतिम संस्कार किया जाएगा। विजय रूपाणी की मौत अहमदाबाद प्लेन क्रैश में हो गई थी। जिसके बाद रूपाणी के शव का डीएनए मिलान कराया गया और शव को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। जिसके बाद अब उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही हैं। अगस्त 2016 से सितंबर 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे 68 वर्षीय रूपाणी ने कोविड-19 के बाद के महत्वपूर्ण दौर में राज्य का नेतृत्व किया था।
DNA से हुई शव की पहचान
रूपाणी, लंदन जा रही एअर इंडिया की उड़ान एआई-171 में सवार 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में शामिल थे जो 12 जून को अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। विमान में सवार लोगों में से 241 की मौत हो गई। केवल एक यात्री ही बच पाया। इसके अलावा इस त्रासदी में जमीन पर 29 लोगों की मौत हो गई जिसमें एमबीबीएस के पांच छात्र भी शामिल हैं। चूंकि रूपाणी का शव इतनी बुरी तरह जल चुका था कि उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी, इसलिए रविवार को शव की पहचान उनके रिश्तेदारों के डीएनए नमूनों से मिलान के बाद की गई।

विजय रूपाणी का पार्थिव शरीर (फोटो- DD News)
राजकोट में होगा अंतिम संस्कार
शहर के सिविल अस्पताल में सोमवार को जब रूपाणी का शव उनके परिजनों को सौंपा गया तो उस समय उनकी पत्नी अंजलि रूपाणी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य मंत्री भी मौजूद थे। रूपाणी के पार्थिव शरीर को राजकोट ले जाया जाएगा।
पहुंच सकते हैं अमित शाह
आम लोगों द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित किए जाने के लिए रूपाणी के शव को एक घंटे तक उनके घर पर रखा जाएगा। शाम को अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। रूपाणी को श्रद्धांजलि देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल के उनके घर पहुंचने की संभावना है।

श्रद्धांजलि देते हुए सीएम (फोटो-DD News)
सुरक्षा सख्त
जानकारी के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री विजयभाई रूपाणी की अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार के लिए प्रशासन की तरफ से पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। पूर्व सीएम को दिए जाने वाले गार्ड ऑफ ऑनर का रिहर्सल भी कर लिया गया है। राजकोट के डीसीपी डॉ. पार्थराजसिंह गोहिल ने मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया, "गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार आज राजकोट शहर में होना है। इसे ध्यान में रखते हुए राजकोट शहर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की है। सुरक्षा और प्रबंधन के लिए 1,500 से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि कार्यक्रम शांति और सम्मानपूर्वक संपन्न हो सके। पूर्व सीएम के पार्थिव शरीर को ढाई बजे के आसपास दर्शन के लिए रखा जाएगा। पांच बजे के आसपास अंतिम यात्रा शुरू होगी और उसके बाद उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। उनके अंतिम संस्कार में कई वीवीआईपी हस्तियों के आने की उम्मीद है। इसके चलते भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।"
