Assam Flood Updated News: असम में सोमवार को भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और राज्य के छह जिलों में करीब 2.6 लाख लोग बाढ़ से पीड़ित हैं, जबकि राज्य के कई हिस्सों में जलस्तर घट रहा है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लगभग सभी जलमग्न इलाकों से बाढ़ का पानी कम हो रहा है, राज्य के अधिकतर हिस्सों में पिछले 24 घंटों में बारिश नहीं हुई है।
असम में बाढ़ का प्रकोप
एक अधिकारी ने कहा, 'अगर आज बारिश नहीं होती है, तो हमें उम्मीद है कि राज्य के अधिकतर हिस्सों में स्थिति में काफी सुधार होगा।'
एएसडीएमए द्वारा रविवार रात जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि कामरूप जिले में तीन और लोगों की जान चली गई और छह जिलों में करीब 2.6 लाख लोग बाढ़ से पीड़ित हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि श्रीभूमि सबसे अधिक प्रभावित है जहां 1.62 लाख से अधिक लोग पीड़ित हैं। इसके बाद हैलाकांडी में लगभग 52,000 और कछार में 36,000 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
प्रशासन चार जिलों में 130 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र चला रहा है, जो वर्तमान में 24,908 विस्थापित लोगों की देखभाल कर रहे हैं।अधिकारियों ने पिछले 24 घंटे में राज्य के बाढ़ पीड़ितों के बीच 262.2 क्विंटल चावल, 46.02 क्विंटल दाल, 21.2 क्विंटल नमक और 2,122.53 लीटर सरसों का तेल वितरित किया है।
एएसडीएमए ने कहा कि वर्तमान में 741 गांव जलमग्न हैं और असम में 6,311.16 हेक्टेयर क्षेत्र में लगी फसल क्षतिग्रस्त हो गई है।राज्य भर के कई जिलों में बाढ़ के पानी से तटबंध, सड़कें, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वर्तमान में कोई भी नदी खतरे के निशान से ऊपर नहीं बह रही है। भीषण बाढ़ के कारण राज्य भर में 1,44,597 से अधिक पालतू जानवर और मुर्गियां प्रभावित हुई हैं।
