भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव जरूर है। इस तनातनी के बीच झूठे दावे करते हुए कई मैसेज फॉरवर्ड किए जा रहे हैं। लेकिन इस बात को लेकर आपको निश्चिंत रहना चाहिए कि भारत के ज्यादातर हिस्सों में हालात सामान्य हैं। हां, इतना जरूर है कि उत्तर भारत व उत्तर-पश्चिम भारत और विशेषौतर पर पाकिस्तान सीमा के आसपास के 32 एयरपोर्ट को जरूर बंद किया गया है। अन्यथा देश में किसी भी तरह की कोई कमी नहीं है। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और आनन-फानन में जरूरी चीजें जमा करने की कोशिश न करें।
भारत-पाकिस्तान तनाम के बीच फेक न्यूज की आई बाढ़
देश में अन्न की कमी?
जी नहीं, देश में अन्न की किसी तरह की कोई कमी नहीं है। भारत और पाकिस्तान के बीच किसी तरह के संभावित युद्ध को देखते हुए आनन-फानन में घरों में राशन इकट्ठा करने की कोशिश न करें। अभी दोनों देशों के बीच सिर्फ तनाव है और लड़ाई शुरू नहीं हुई है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि देश में गेहूं, चावल या किसी भी अन्य अनाज की कमी नहीं है। इनके पर्याप्त भंडार हमारे पास हैं। दालों का भी देश में बफर स्टॉक है। मंत्री प्रल्हाद मंत्री प्रह्लाद जोशी का कहना है कि राशन की जमाखोरी करने वालें लोगों के खिलाफ मुकदमा चलाया जाएगा।
ATM में पैसा खत्म हो जाएगा?
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता देख कुछ लोग ATM को लेकर भी तमाम तरह की बातें कर रहे हैं। लेकिन चिंता करने की जरूरत नहीं है। क्योंकि भारतीय स्टेट बैंक (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और कई अन्य बैंकों ने कल यानी शुक्रवार 9 मई को स्पष्ट कर दिया कि उनके ATM पूरी तरह से चालू हैं और उनके पास पर्याप्त कैश भी है। इसके अलावा डिजिटल सेवाएं भी सुचारू रूप से चल रही हैं। ATM बंद होने से संबंधित WhatsApp फॉर्वर्ड या किसी वायरल खबर पर कतई भरोसा नहीं करें। देश की बैंकिंग व्यवस्था मजबूत है और देश के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।
पेट्रोल खत्म हो जाएगा?
जी नहीं, देश में पेट्रोल-डीजल या किसी अन्य ईंधन की कोई कमी नहीं है। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव है। दोनों देशों के बीच किसी भी तरह के तनाव या लड़ाई का भारत में पेट्रोलियम उत्पादों पर किसी तरह का असर नहीं पड़ेगा, भारत में तल पाकिस्तान के रास्ते नहीं आता। इसके अलावा Indian Oil Corp Ltd. का कहना है कि उनके पास पूरे देश में ईंधन का भरपूर स्टॉक है। यही नहीं इंडियन ऑयल के अनुसार उनकी सप्लाई लाइनें भी सुचारू रूप से चल रही हैं। हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने भी कहा है कि उनके पास पेट्रोल और LPG का भरपूर स्टॉक है। उनकी सप्लाई चेन भी सुचारू रूप से जारी है। इसलिए सलाह दी जाती है कि पेट्रोलियम उत्पादों स्टॉक करने की कोशिश न करें।
एयरपोर्ट पर कितनी जल्दी पहुंचें?
बॉर्डर के पास वाले देश के 32 एयरपोर्ट को बंद किया गया है। इसके अलावा देश के बाकी हवाईअड्डों पर सभी उड़ान सेवाएं नियमित रूप से सुचारू हैं। दिल्ली एयरपोर्ट की तरफ से आज यानी शनिवार 10 मई को एक बार फिर कहा गया है कि उड़ान सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। हालांकि डॉमेस्टिक यात्रियों को लगभग 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी गई है।
अपने फोन में लोकेशन बंद कर दें
जी हां, अपने फोन में लोकेशन बंद करने से जुड़े मैसेज भी कई लोगों को मिले हैं। वायरल मैसेज में दावा किया गया है कि फोन की लोकेशन देखकर पाकिस्तान के ड्रोन आम लोगों को निशाना बना रहे हैं। लेकिन यह दावा बिल्कुल झूठा है। इस तरह के मैसेज पर न तो स्वयं भरोसा करें और नही मैसेज को आगे किसी को फॉरवर्ड करें।
एक अन्य मैसेज में दावा किया गया है कि पाकिस्तान की तरफ से साइबर अटैक किया जा रहा है। इसलिए किसी अंजान नंबर से आने वाले मैसेज पर क्लिक न करें और अंजान नंबर के फोन को न उठाएं। यह दावा देश के NSA अजीत डोवाल के फेसबुक अकाउंट के हवाले से किया जा रहा है। जबकि NSA अजीत डोवाल का कोई फेसबुक अकाउंट है ही नहीं। जाहिर है यह फेक है, इस तरह के दावों पर भरोसा न करें।
