देश

Ethanol Row: एथेनॉल मुद्दे पर फंस गए मनीष कश्यप? नागपुर में 4 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर FIR

Ethanol Row: पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने के मुद्दे पर मनीष कश्यप ने कई वीडियो बनाए थे, गाड़ी खराब होने का दावा किया था। अब मनीष कश्यप के खिलाफ FIR दर्ज हो गई है।

Image

मनीष कश्यप के खिलाफ FIR (फोटो- PTI & ErManishKasyapSOB)

Ethanol Row: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के एथेनॉल संबंधी बयानों और सरकार की एथेनॉल नीति (Ethanol Policy) को लेकर सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक और गलत जानकारी फैलाना कुछ इन्फ्लुएंसर्स को भारी पड़ गया है। नागपुर साइबर पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप (Manish Kashyap) समेत चार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

इन इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

नागपुर साइबर पुलिस द्वारा जिन चार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और चैनल्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, वो हैं-

  1. मनीष कश्यप
  2. देसी बॉयज
  3. हर्षित राठी
  4. अंकलेश इन्वाते

क्या है पूरा विवाद?

यह पूरी कार्रवाई नागपुर भारतीय जनता पार्टी आईटी सेल के अध्यक्ष शिशिर त्रिपाठी की शिकायत पर की गई है। पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में कई आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, इन इन्फ्लुएंसर्स ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर कुछ वीडियो शेयर किए थे। इन वीडियो में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की एथेनॉल नीति और उनके पुराने बयानों का संदर्भ देकर उनका कथित रूप से गलत और भ्रामक अर्थ निकाला गया। आरोप है कि वीडियो में आम लोगों के इंटरव्यू और बयानों को इस तरह से काट-छांट कर प्रस्तुत किया गया, जिससे केंद्रीय मंत्री गडकरी की छवि को नुकसान पहुंचे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इन भ्रामक वीडियो के जरिए समाज में भ्रम पैदा करने और सार्वजनिक शांति को प्रभावित करने की कोशिश की गई है।

जांच में जुटी नागपुर साइबर पुलिस

बीजेपी आईटी सेल की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नागपुर साइबर पुलिस ने संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की टीम अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इन वीडियो में दिखाए गए तथ्यों का वास्तविक आधार क्या था, इन्हें किस उद्देश्य या मंशा से इंटरनेट पर पोस्ट किया गया था और क्या इनसे कानून-व्यवस्था बिगड़ने का कोई खतरा था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

नागपुर से हरीश तिवारी की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!