ET Now Global Business Summit 2024: ईटी नाउ ग्लोबल बिजनेस समिट में PM मोदी ने जहां एक ओर भारत के भूत-वर्तमान पर चर्चा की, वहीं भविष्य का भारत कैसा होगा, उसकी झलक भी दिखलाई। पीएम ने कहा कि यह भारत का समय है। आज दुनिया में चर्चा है कि कैसे 10 साल में भारत बदल चुका है। पीएम मोदी ने कहा कि आज उनके आलोचक ऑल टाइम लो पर हैं और देश प्रगति कर रहा है।
ईटी नाउ ग्लोबल बिजनेस समिट में पीएम मोदी का संबोधन
पीएम मोदी ने ईटी नाउ ग्लोबल बिजनेस समिट को संबोधित करते हुए कहा- "ये वो समय है, जब हमारी ग्रोथ रेट लगातार बढ़ रही है और राजकोषीय घाटा घट रहा है। ये वो समय है, जब हमारा निर्यात बढ़ रहा है और चालू खाता घाटा कम हो रहा है। ये वो समय है, जब हमारा उत्पादक निवेश रिकॉर्ड पर है और महंगाई नियंत्रण में है। ये वो समय है, जब अवसर और आय दोनों बढ़ रही हैं और गरीबी कम हो रही है। ये वो समय है जब हमारे आलोचक ऑल टाइम लो हैं।"
मोदी सरकार का ध्येय
पीएम मोदी ने कहा कि भारत एक कल्याणकारी राज्य हैं। देश के सामान्य मानव का जीवन आसान हो, उसके जीवन की गुणवत्ता सुधरे... ये हमारी जिम्मेदारी है। हमने नई योजनाएं ही नहीं बनाई, बल्कि ये भी सुनिश्चित किया कि हर पात्र लाभार्थी तक सरकार खुद पहुंचे। हमने प्रोजेक्ट तेजी से पूरा किया और उन्हें समय पर खत्म करके भी देश के काफी पैसे बचाए। समयबद्ध तरीके से प्रोजेक्ट पूरा करना हमारी सरकार की पहचान बनी है।
कैसा होगा भविष्य का भारत
पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान भविष्य के भारत पर बात करते हुए कहा- "मैं वर्तमान पीढ़ी के साथ ही, आने वाली अनेकों पीढ़ियों के प्रति भी जवाबदेह हूं। मैं सिर्फ रोजमर्रा की जिंदगी पूरी करने जाना नहीं चाहता हूं, मैं आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित करके जाना चाहता हूं। हमारा गवर्नेंस मॉडल दो धाराओं पर एक साथ आगे बढ़ रहा है। एक तरफ, हम 20वीं सदी की जो चुनौतियां विरासत में मिली हैं, उनको भी संभाल रहे हैं। दूसरी तरफ, 21वीं सदी की आकांक्षाओं को भी पूरा करने में भी जुटे हुए हैं।"
