देश

Kathua Encounter: जम्मू कश्मीर के कठुआ में आतंकियों के साथ एनकाउंटर शुरू, बानी में सेना ने टेररिस्ट को घेरा

Kathua Encounter: गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस और सेना ने बानी इलाके में संयुक्त तलाश अभियान शुरू किया था। संयुक्त टीम जब आतंकवादियों की तलाश कर रही थी तभी आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी

Image

जम्मू कश्मीर में एनकाउंटर शुरू (फाइल फोटो)

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • जम्मू कश्मीर में आतंकियों के सेना ने घेरा
  • सुरक्षाबलों के साथ आतंकियों की मुठभेड़
  • आतंकियों के गोली लगने की खबर

Kathua Encounter: जम्मू कश्मीर के कठुआ में सेना और आतंकियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई है। कठुआ के बानी एरिया में सुरक्षाबलों के साथ आतंकियों की यह मुठभेड़ हुई है। रिपोर्ट्स के अनुसार सेना ने कुछ आतंकियों को यहां घेर रखा है।

अतिरिक्त बल को भेजा गया

मिली जानकारी के अनुसार गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस और सेना ने इलाके में संयुक्त तलाश अभियान शुरू किया था। संयुक्त टीम जब आतंकवादियों की तलाश कर रही थी तभी आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद दोनों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है, इलाके में अतिरिक्त बल भेजा गया है।

हो चुके हैं कई एनकाउंटर

बता दें कि हाल के दिनों में कश्मीर में आतंकी घटनाओं में तेजी दिखी है। कई एनकाउंटर हो चुके हैं। विधानसभा चुनाव के बीच में आतंकियों के साथ ऐसे एनकाउंटर कई चिताओं को भी जन्म दे रहा है। हालांकि सेना, अर्द्धसैनिक बल और स्थानीय पुलिस के सख्त रवैये का कारण आतंकियों के मंसूबे सफल नहीं हो रहे हैं और वो एनकाउंटर में मारे जा रहे हैं।

विदेशी आतंकी एक्टिव

जम्मू डिवीजन के पहाड़ी जिलों पुंछ, राजौरी, डोडा, कठुआ, रियासी और उधमपुर में पिछले दो महीनों से अधिक समय से सेना, सुरक्षाबलों और नागरिकों पर आतंकवादी हमले हुए हैं। आतंकवादी घात लगाकर अचानक हमला करते हैं और फिर पहाड़ी क्षेत्रों के जंगलों में गायब हो जाते हैं। इन हमलों के लिए विदेशी आतंकवादियों के एक समूह को जिम्मेदार बताया जा रहा है। यह आतंकी 40 से 50 की संख्या में हैं। यह रिपोर्ट आने के बाद सेना ने उन जिलों के घने जंगलों वाले इलाकों में 4,000 से अधिक प्रशिक्षित सैनिकों को तैनात किया है, जिनमें विशिष्ट पैरा कमांडो और पर्वतीय युद्ध में प्रशिक्षित सैनिक शामिल थे।

कब-कब है चुनाव

बता दें कि चिनाब घाटी क्षेत्र के डोडा, किश्तवाड़ और रामबन जिलों में फैली आठ विधानसभा सीटों के साथ-साथ दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग, पुलवामा, शोपियां और कुलगाम जिलों की 16 सीटों पर पहले चरण में 18 सितंबर को मतदान होगा। जम्मू, कठुआ और सांबा जिलों में 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर चुनाव के दूसरे और तीसरे चरण में मतदान होगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article