Udhampur Encounter: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। उधमपुर पुलिस ने बताया कि पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों द्वारा तलाशी अभियान के दौरान उधमपुर के रामनगर थाना क्षेत्र के जोफर गांव में तीन आतंकवादियों से मुठभेड़ शुरू हो गई।
सुरक्षाबलों ने दिया मुंहतोड़ जवाब
सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों को गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। फिलहाल आतंकवादी घने जंगल में छिपे हुए हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में एसएसपी उधमपुर आमोद अशोक नागपुरे ने बताया कि ऊंचे पहाड़ों, नदी और घने जंगल की वजह से यह बहुद दुर्गम इलाका है। हमें सूचना मिली है कि इस जंगल के बीच दो-तीन आतंकवादी छिपे हुए हैं।
तलाशी अभियान जारी
उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान चल रहा है... फिलहाल सभी सुरक्षाकर्मी पूरी तरह से स्वस्थ हैं... भले ही यह एक कठिन इलाका है, लेकिन सुरक्षाबलों को मनोबल ऊंचा है और हमें उम्मीद है कि हम सफल होंगे... शाम में करीब दो घंटे तक गोलीबारी चली और हमने भी जवाबी फायरिंग की।
गौरतलब है कि कठुआ जिले के सनयाल इलाके में 24 मार्च को अभियान शुरू होने के बाद से तीन मुठभेड़ के बाद पिछले 17 दिन से पुलिस और सुरक्षा बल एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में जाने वाले आतंकवादियों पर नजर रख रहे हैं। गत 27 मार्च को इलाके में हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गये थे और चार पुलिसकर्मी शहीद हो गये थे।
