Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनावों के नतीजे सामने आने के बाद कांग्रेस ने फिर चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए। ग्रैंड ओल्ड पार्टी ने सवाल किया कि मतदान के बाद सामने आए आंकड़ों में 3 लाख निर्वाचकों की संख्या कैसे बढ़ी, जबकि चुनाव आयोग के 6 अक्टूबर वाली प्रेस नोट में बिहार में कुल निर्वाचकों की संख्या 7.42 करोड़ बताई गई थी, जबकि मतदान के बाद वाली प्रेस रिलीट में संख्या 7.45 करोड़ दर्शायी गई।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी सांसद राहुल गांधी (फोटो साभार: ANI)
वोटर लिस्ट में कब तक जुड़वा सकते हैं अपना नाम
निर्वाचन नियमों के मुताबिक, चुनाव की घोषणा के बाद प्रत्येक चरण में नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि से 10 दिन पहले तक कोई भी पात्र नागरिक निर्वाचक सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकता है। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन की अंतिम तारीख 17 अक्टूबर, जबकि दूसरे चरण के नामांकन की अंतिम तारीख 20 अक्टूबर थी।
कैसे बढ़े 3 लाख निर्वाचकों के नाम?
सीईसी ज्ञानेश कुमार द्वारा 6 अक्टूबर को बताई गई 7.42 करोड़ निर्वाचकों की संख्या 30 सितंबर को निर्वाचक सूची के अंतिम प्रकाशन के उपरांत उपलब्ध आंकड़ों पर आधारित थी। निर्वाचन नियमों के मुताबिक, चुनाव की घोषणा के बाद प्रत्येक चरण में नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि से 10 दिन पहले तक पात्र नागरिक निर्वाचक सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है। अत: एक अक्टूबर से लेकर दोनों चरणों में नामांकन की अंतिम तिथि से 10 दिन पहले तक प्राप्त सभी वैध आवेदनों की जांच कर पात्र निर्वाचकों के नाम नियमानुसार सूची में जोड़े गए, ताकि कोई भी योग्य निर्वाचक मतदान से वंचित न रहे।
