Karnataka Accident: कर्नाटक में हासन जिले के एक गांव में शुक्रवार रात गणेश विसर्जन यात्रा में एक ट्रक के घुस जाने से नौ लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। यह घटना गणेश चतुर्थी समारोह के अंतिम दिन रात लगभग आठ बजे से लेकर 8:45 के बीच मोसाले होसाहल्ली गांव में हुई।
कैसे हुआ भीषण हादसा?
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों में से अधिकतर युवा लड़के हैं। उन्होंने बताया कि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए हासन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक कथित तौर पर अरकलागुडु से आ रहा था और चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो जाने के बाद ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचल दिया।
आईजीपी दक्षिणी रेंज, एम. बी. बोरलिंगैया ने यह जानकारी दी कि शुक्रवार की रात 8 बजे से 8:45 बजे के बीच, मोसले होसल्ली में एक टैंकर लॉरी लापरवाही से गणपति विसर्जन के जुलूस में घुस गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है, मृतकों में 6 ग्रामीण और 3 इंजीनियरिंग छात्र शामिल हैं, लॉरी का चालक भी घायल है।
PM ने जताया दुख, मुआवजे का भी ऐलान
इस हादसे पर प्रधानमंत्री कार्यालय के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर जारी संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "कर्नाटक के हासन में हुई दुर्घटना हृदयविदारक है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं, वे शीघ्र स्वस्थ हो जाएं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।"
केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने भी इस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि हासन तालुका के मोसाले होसाहल्ली में गणपति विसर्जन यात्रा के दौरान हुए भीषण हादसे की खबर सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ।
