Spicejet Emergency Landing: कांडला से मुंबई आ रहे स्पाइसजेट के विमान की शुक्रवार को मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, स्पाइसजेट की क्यू 400 फ्लाइट का एक पहिया टेकऑफ के दौरान रनवे में ही छूट गया था। इसके बावजूद विमान ने अपनी यात्रा पूरी की। हालांकि, विमान की सुरक्षित लैंडिंग को लेकर मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित की गई। इसको लेकर यात्री घबरा गए।
विमान की सुरक्षित लैंडिंग
स्पाइसजेट की विमान संख्या क्यू 400 के पायलट ने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए न सिर्फ यात्रा संपन्न की, बल्कि विमान को मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा। एयरलाइन ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। बकौल स्पाइसजेट, लैंडिंग के बाद विमान स्वयं की पॉवर से टैक्सी टर्मिनल तक गया और सभी यात्री सामान्य रूप से उतर गए।
कौन सा पहिया रनवे पर छूटा
कांडला से मुंबई आने वाले स्पाइसजेट के विमान का बाहरी पहिया टेकऑफ के बाद रनवे पर ही छूट गया, पर विमान की मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग हुई। लैंडिंग के दौरान मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित की गई थी और सभी उड़ानों को रोक दिया गया था, लेकिन अब रनवे क्लियर हो गया है और एयरपोर्ट पर कामकाज बहाल हो चुका है।
काठमांडू जा रहे विमान में लगी थी आग
इससे पहले, दिल्ली से काठमांडू के लिए उड़ान भरने वाले स्पाइसजेट के विमान में गुरुवार को आग लगने की सूचना मिली जिसके बाद विमान को वापस लौटना पड़ा था। एयरलाइन ने बताया था कि जमीन पर मौजूद एक अन्य विमान ने स्पाइसजेट को संदिग्ध टेलपाइप में आग लगने की सूचना दी थी। हालांकि, कॉकपिट में कोई चेतावनी या संकेत नहीं मिला, लेकिन पायलटों ने एहतियाती सुरक्षा उपाय के तौर पर वापस लौटने का फैसला किया।
