DUSU Election Results 2026 LIVE: देश के सबसे बड़े छात्र संघ चुनाव यानी दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजों का समय आ गया है। शुक्रवार को हुए 40.46% मतदान के बाद आज शनिवार सुबह 8 बजे से मतों की गिनती शुरू हो जाएगी। इस चुनाव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से संबद्ध ABVP और कांग्रेस समर्थित NSUI के बीच मुख्य और कड़ा मुकाबला है। दूसरी ओर, चुनाव परिणामों के बाद किसी भी अप्रिय घटना और अव्यवस्था को रोकने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट ने विजय जुलूस निकालने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
DUSU चुनाव के नतीजे आज
यहां देखिए LIVE Updates
- मतगणना शनिवार सुबह 8 बजे शुरू हो गई। अधिकारियों के अनुसार, मतगणना को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
- मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 2,000 से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं।
- सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू की जाएगी।
- मतगणना को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन लागू किया है, जिसका अपडेट आप यहां क्लिक कर पढ़ सकते हैं।
प्रमुख उम्मीदवार और चुनावी मुकाबला
DUSU चुनाव 2026 में चार प्रमुख पदों के लिए कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए सबसे ज्यादा 7 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें अनन्या रतूड़ी (AISA-SFI गठबंधन), अश्मित कुमार, एजाज मंसूरी, समर्थ बेनीवाल, समीर कुमार, विजय शंकर मीणा (NSUI) और यश डबास (ABVP) शामिल हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए 5, सचिव पद के लिए 4 और संयुक्त सचिव पद के लिए 4 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस बार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के बीच मुख्य और कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। चुनाव में ABVP की ओर से अध्यक्ष पद के लिए यश डबास और उपाध्यक्ष पद के लिए ईशू मौर्या मैदान में हैं, जबकि NSUI ने अध्यक्ष पद पर विजय शंकर मीणा और उपाध्यक्ष पद पर वीर चतरथ को अपना उम्मीदवार बनाया है। शुक्रवार को संपन्न हुए मतदान में इस बार 40.46 प्रतिशत मत दर्ज किए गए, जो पिछले वर्ष के 39.45 प्रतिशत की तुलना में थोड़ा अधिक है।
