Congress Plan For Elections: आगामी चुनावों को "करो या मरो की लड़ाई" बताते हुए कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने रविवार को कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को हटाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेसजनों और कांग्रेस विचारधारा का समर्थन करने वाले लोगों के लिए करो या मरो की लड़ाई है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा इस बार करो या मरो की लड़ाई।
कांग्रेस के लिए इस बार करो या मरो की लड़ाई!
वेणुगोपाल ने दो दिवसीय कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के समापन के बाद कहा कि अब आराम किए बिना, हमें जीत के लिए लड़ना होगा। उन्होंने बताया कि "इस दो दिवसीय बैठक ने एक स्पष्ट एजेंडा रखा है। यह कांग्रेसियों के लिए करो या मरो की लड़ाई है। 2024 में हमें इस (भाजपा) सरकार को हटाना है। इसलिए यह सीडब्ल्यूसी की ओर से कार्यकर्ताओं का आह्वान है।"
पांच राज्यों में सरकार बनाने का किया दावा
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस सभी पांच राज्यों में सरकार बनाने जा रही है। "जहां तक विधानसभा चुनावों का सवाल है, हमें पूरा विश्वास है कि हम सभी पांच राज्यों में सरकार बनाने जा रहे हैं।" बता दें, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मिजोरम, राजस्थान और तेलंगाना में इस साल के अंत में चुनाव होंगे। इस बीच बैठक में शामिल हुए कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि हमने इस पर चर्चा की है और रणनीति बनाई है कि बीजेपी और अन्य पार्टियों को कैसे हराया जाए।
कांग्रेस को भरोसा है, लोग चाहते हैं परिवर्तन
हैदराबाद में दो दिवसीय कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक रविवार को संपन्न हुई, जिसमें पार्टी नेताओं ने पांच राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों में "स्पष्ट जनादेश" प्राप्त करने भरोसा जताया। पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए अपने संगठन की तैयारियों पर भी चर्चा की। सूत्रों ने कहा कि सभी चुनावी राज्यों के कांग्रेस प्रमुखों ने बैठक के दौरान अपनी रणनीति और तैयारियों के बारे में प्रस्तुतियां दीं। कांग्रेस ने कहा कि पार्टी "आगे की लड़ाई के लिए पूरी तरह से तैयार है और उसे विश्वास है कि लोग परिवर्तन चाहते हैं।"
