भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव की सीधा असर हवाई यातायात पर पड़ रहा है। लगातार पाकिस्तान की ओर से हवाई हमलों के कारण बॉर्डर एरिया समेत कई अन्य हवाई अड्डों से उड़ानें रद्द की गईं। लेकिन, 9 और 10 मई की मध्य रात्रि नागरिक उड्डयन नियामक के अनुसार, श्रीनगर और अमृतसर सहित देश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में 32 हवाई अड्डों को 15 मई तक नागरिक उड़ान संचालन के लिए बंद कर दिया गया है। शनिवार की सुबह घोषित यह निर्णय भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के मद्देनजर लिया गया है, जो भारत द्वारा 7 मई को आतंकी शिविरों पर किए गए हमलों और उसके बाद पाकिस्तान द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में की गई गोलाबारी के बाद से लगातार जारी है।
फ्लाइट (फाइल फोटो)
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और संबंधित विमानन प्राधिकरणों ने एयरमैन को नोटिस (एनओटीएएम) की एक श्रृंखला जारी की है, जिसमें उत्तरी और पश्चिमी भारत के 32 हवाई अड्डों को सभी नागरिक उड़ान संचालन के लिए अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की गई है। डीजीसीए ने एक विज्ञप्ति में बताया कि यह अस्थायी रोक नौ मई से 15 मई को 05:29 तक प्रभावित रहेगी। इन हवाई अड्डों में श्रीनगर, अंबाला, अमृतसर, अवंतीपुर, भुज, बीकानेर, बंठिडा, चंडीगढ़ एवं जम्मू शामिल हैं।
इनमें चंडीगढ़, श्रीनगर, अमृतसर, लुधियाना, भुंटर, किशनगढ़, पटियाला, शिमला, धर्मशाला, बठिंडा, जैसलमेर, जोधपुर, लेह, बीकानेर, पठानकोट, जम्मू, जामनगर और भुज समेत अन्य हवाई अड्डे शामिल हैं। एयरलाइन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत में कई हवाई अड्डों के बंद रहने के बारे में विमानन अधिकारियों की अधिसूचना के बाद, जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, चंडीगढ़, भुज, जामनगर और राजकोट के लिए एयर इंडिया की उड़ानें 15 मई को सुबह पांच बजकर 29 मिनट तक रद्द की जा रही हैं।’
एयर इंडिया ने यह भी कहा कि इस अवधि के दौरान यात्रा के लिए वैध टिकट रखने वाले ग्राहकों को पुनर्निर्धारण शुल्क पर एक बार छूट दी जाएगी या रद्दीकरण के लिए पूर्ण धन वापसी की पेशकश की जाएगी। इंडिगो ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि संबंधित अधिकारियों के नवीनतम निर्देशों के अनुसार, 15 मई को सुबह पांच बजकर 29 मिनट तक 10 गंतव्यों के लिए सभी उड़ानें रद्द रहेंगी, क्योंकि हवाई अड्डे अस्थायी रूप से बंद हैं।
