Delhi Water Crisis: दिल्ली की मंत्री आतिशी ने राष्ट्रीय राजधानी में जारी जल संकट पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा और कहा कि अगर हल नहीं निकला तो वह 21 जून से अनिश्चितकालीन अनशन करेंगी। आतिशी ने कहा कि इन दिनों लू व गर्मी की स्थिति है। इस मौसम में पानी की जरूरत प्रत्येक व्यक्ति की बढ़ जाती है, परंतु दिल्ली में पानी की कमी हो रही है। दिल्ली में पर्याप्त पानी नहीं है। लोग बूंद बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। दिल्ली की क्षमता 1050 एमजीडी पानी की है। इसमें से 613 एमजीडी हरियाणा से यमुना नदी में आता है। 18 जून को हरियाणा से 513 एमजीडी पानी कम आया। इस तरह से 100 एमजीडी पानी की कमी है। एक एमजीडी से 28500लोगों को पानी मिलता।
पानी नहीं मिला तो शुरू करूंगी सत्याग्रह- आतिशी
28 लाख लोगों के लिए नहीं मिल रहा पानी -आतिशी
दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा कि इस तरह से हरियाणा से 28 लाख लोगों के लिए पानी नहीं मिल रहा है। इस कारण दिल्ली के लोग बहुत परेशान हैं। इनकी परेशानी दूर करने के लिए दिल्ली सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किया जा रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा गया। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री से बात की गई। वह पानी देने को तैयार हैं। हिमाचल का पानी हरियाणा होते हुए दिल्ली पहुंचेगा। हरियाणा वह पानी देने को भी तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार सुप्रीम कोर्ट जाकर 100 एमजीडी पानी के लिए गुहार लगाई। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में जल संकट को स्वीकार किया है।
इसके बावजूद हरियाणा पानी नहीं दे रहा है। आम आदमी पार्टी के विधायक केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से मिलने गए परंतु वह नहीं मिले। मंगलवार को दिल्ली सरकार के उच्च अधिकारी हरियाणा सरकार से मिलकर दिल्ली के लोगों के लिए पानी मांगने गए, लेकिन हरियाणा तैयार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि दिल्ली में तीन करोड़ लोग रहते हैं। इसके लिए दिल्ली को 1050 एमजीडी पानी आवंटित किया गया है। हरियाणा में भी तीन करोड़ लोग रहते हैं और उसे 6050 एमजीडी पानी आवंटित है। यदि वह एक सौ एमजीडी पानी दिल्ली को देता है तो वह उसके कुल आवंटन का सिर्फ डेढ़ प्रतिशत है।
