देश

दिल्ली में विजयदशमी के दिन पुलिस के क्या हैं इंतजाम? डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कैसा है बंदोबस्त

Delhi Police on Vijayadashami: दिल्ली पुलिस की डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि लाल किले के सामने 3 बड़ी रामलीलाएं होती हैं। इसके मद्देनजर वहां पर दिल्ली पुलिस का काफी बंदोबस्त है। लगभग 1500-2000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

Image

दिल्ली पुलिस (फोटो साभार- ANI)

Delhi Police on Vijayadashami: दिल्ली में विजयदशमी के पर्व को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सबसे ज्यादा फोकस लाल किला इलाके पर है, जहां हर साल ऐतिहासिक रामलीलाओं का आयोजन होता है और भारी संख्या में लोग पहुंचते हैं। उत्तरी जिला की डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि लाल किले के सामने 15 अगस्त पार्क और माधव दास पार्क में 3 बड़ी रामलीलाएं होती हैं। ये रामलीलाएं ऐतिहासिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण हैं और इन्हें देखने के लिए लोग बड़े उत्साह के साथ आते हैं।

विजयदशमी पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

डीसीपी ने कहा, "कल विजयादशमी है और लाल किले पर 3 बड़ी रामलीला होती हैं, जिसमें भारी संख्या में लोग आते हैं और ये बहुत महत्वपूर्ण रामलीलाएं हैं। इसके मद्देनजर वहां पर दिल्ली पुलिस का काफी बंदोबस्त है। लगभग 1500-2000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।" उन्होंने बताया कि ये रामलीलाएं 11 तारीख से ही शुरू हो चुकी हैं और रोजाना हजारों लोग वहां दर्शन के लिए आ रहे हैं। पुलिस की तैनाती लगातार बनी हुई है। आज और कल विजयदशमी के मौके पर भीड़ और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है, इसलिए पुलिस ने अपने इंतजाम बढ़ा दिए हैं।

1500 से 2000 जवानों को किया गया तैनात

सुरक्षा व्यवस्था में करीब 1500 जवानों को तैनात किया गया है, जिसमें दिल्ली पुलिस, लोकल पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और बाहर से आई फोर्स शामिल है। ट्रैफिक पुलिस को इसलिए लगाया गया है ताकि लाल किला और आसपास के इलाकों में जाम की स्थिति न बने और लोग आसानी से आ-जा सकें।निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने खुद भीड़ प्रबंधन के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। इसके अलावा रामलीला कमेटियों ने भी अपने स्तर पर कैमरे लगाए हैं और कंट्रोल रूम बनाए हैं।

सीसीटीवी से भी की जाएगी निगरानी

डीसीपी निहारिका भट्ट ने कहा, "सीसीटीवी और कंट्रोल रूम भी हैं, जिसके माध्यम से हम निगरानी रखते हैं और जहां हमें लगता है कि भीड़ ज्यादा है, वहां हम भीड़ नियंत्रित करने की कोशिश करते हैं।" पुलिस का मुख्य उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करना और किसी भी तरह की भगदड़ या अव्यवस्था को रोकना है। कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है और जहां भी भीड़ ज्यादा होती है, वहां तुरंत जवानों को भेजकर स्थिति को संभाला जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पुलिस के निर्देशों का पालन करें और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article