Rekha Gupta Swearing-In Ceremony: दिल्ली में भाजपा का 27 साल का वनवास खत्म हो गया और चौथी महिला मुख्यमंत्री के तौर पर रेखा गुप्ता को चुना गया है जिनका दिल्ली विश्वविद्यालय से गहरा नाता रहा है और उनकी एक तस्वीर तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस तस्वीर में रेखा गुप्ता दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के बाद महासचिव पद की शपथ लेते हुए दिखाई दे रही हैं और उनके साथ अल्का लांबा नजर आ रही हैं।
दिल्ली की नई CM रेखा गुप्ता (बाएं) और कांग्रेस नेत्री अल्का लांबा (दाएं) (फोटो साभार: @LambaAlka)
अल्का लांबा ने साझा की तस्वीर
रेखा गुप्ता के भाजपा विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। इस कड़ी में कांग्रेस नेत्री अल्का लांबा ने रेखा गुप्ता के साथ की एक पुरानी तस्वीर साझा की।
उन्होंने पोस्ट में कहा, ''1995 की यह यादगार तस्वीर- जब मैंने और रेखा गुप्ता ने एक साथ शपथ ग्रहण की थी। मैंने एनएसयूआई से दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की थी और रेखा ने एबीवीपी से महासचिव पद पर जीत हासिल की थी। रेखा गुप्ता को बधाई और शुभकामनाएं। दिल्ली को चौथी महिला मुख्यमंत्री मिलने पर बधाई और हम दिल्ली वाले उम्मीद करते हैं कि मां यमुना स्वच्छ होगी और बेटियां सुरक्षित।
कौन हैं रेखा गुप्ता?
दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता का जन्म हरियाणा के जुलाना में हुआ था और वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ी रही हैं। 1994-95 में दौलत राम कॉलेज की सचिव चुनी गईं। वह 1995-96 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की संयुक्त सचिव बनी और 1996-97 में वह डूसू की अध्यक्ष रही। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से विधि में स्नातक की पढ़ाई की।
