कौन-कौन ले सकता है मंत्रिपद की शपथ?
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, छह नवनिर्वाचित विधायक मंत्रिपद की शपथ ले सकते हैं जिनमें प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, पंकज सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और रविंदर इंद्राज शामिल हैं।
कौन हैं रेखा गुप्ता?
दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता का जन्म हरियाणा के जुलाना में हुआ था और वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ी रही हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की अध्यक्ष रह चुकी हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से विधि में स्नातक की पढ़ाई की।
सर्वसम्मति से चुनी गईं विधायक दल की नेता
दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में भाजपा विधायक रेखा गुप्ता को सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल की नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया। रेखा गुप्ता आज दोपहर रामलीला मैदान में दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी।
शपथग्रहण समारोह में कौन-कौन होगा शामिल?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे। कुछ विशिष्ट मेहमानों समेत लगभग 50,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है।
