Arvind Kejriwal News: शराब घोटाला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने केजरीवाल की याचिका पर ईडी को जवाब दाखिल करने के लिए 2 अप्रैल तक का समय दिया है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 3 अप्रैल को होगी। यानी केजरीवाल फिलहाल ईडी की हिरासत में ही रहेंगे।
अरिवंद केजरीवाल को राहत नहीं...
सूत्रों की मानें तो ईडी के बाद अब सीबीआई भी केजरीवाल की हिरासत की मांग करेगी। बता दें, ईडी ने 21 मार्च को अरविंद केजरीवाल ने दो घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया था, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया था।
ईडी ने मांगा था समय
बता दें, अरविंद केजरीवाल के वकीलों की ओर से मुख्यमंत्री की रिहाई और मामले में तत्काल सुनवाई की मांग की गई थी। हालांकि, ईडी ने तत्काल सुनवाई का विरोध किया और केजरीवाल की याचिका पर जवाब दाखिल करने के लिए हाईकोर्ट से समय की मांग की गई थी। इस पर कोर्ट ने ईडी को जवाब दाखिल करने के लिए 2 अप्रैल तक का समय दिया है। केजरीवाल की अंतरिम राहत की याचिका पर अब हाईकोर्ट 3 अप्रैल को सुनवाई करेगा।
कल कोर्ट में सबूत पेश करेंगे केजरीवाल
उधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि उनके पति 28 मार्च को कोर्ट को कथित शराब घोटाले की सच्चाई बताएंगे और सबूत भी पेश करेंगे। उन्होंने कहा, 'दो साल की जांच के बावजूद ईडी एक पैसे का भी सबूत नहीं ढूंढ पाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री के आवास पर छापा मारा लेकिन केवल 73,000 रुपये मिले।' सुनीता केजरीवाल ने कहा, 'मेरे पति ने हिरासत में रहते हुए जल मंत्री आतिशी को निर्देश जारी किए। केंद्र को इससे दिक्कत थी। क्या वे दिल्ली को बर्बाद करना चाहते हैं?'
