Mining Mafia: अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते समय हुए हमले में एसडीएम मंडी ओमकांत ठाकुर घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, सब डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM), मंडी सदर, ओमकांत ठाकुर पर कथित तौर पर खनन माफियाओं ने उस समय हमला किया जब वह अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने ब्यास नदी के तट पर गए थे। अधिकारियों के अनुसार, हमले के बाद हमलावर मौके से भाग गए। हमलावर को बाद में पुलिस ने पकड़ लिया। एसडीएम ठाकुर के चेहरे पर किसी भारी चीज से प्रहार किया गया था जिससे उनका दांत टूट गया। उन्हें घायल हालत में मंडी के जोनल अस्पताल लाया गया, जहां एक दंत चिकित्सक ने उनका उपचार किया।
एसडीएम मंडी ओमकांत ठाकुर हुए घायल
पुलिस कर रही मामले की जांच
खबर मिलने पर मंडी के उपायुक्त (डीसी) अपूर्व देवगन, मंडी के अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) रोहित राठौर, मंडी के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) मदन कुमार और मंडी के एएसपी सागर चंद सहित अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे। मीडिया से बात करते हुए मंडी के जिला कलेक्टर अपूर्व देवगन ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन जिले में अवैध खनन के मामलों पर नियंत्रण रखना जारी रखेगा।
उन्होंने कहा कि एसडीएम ठाकुर शाम को निरीक्षण के लिए ब्यास नदी के किनारे गए थे, जहां उन पर हमला किया गया। खनन वाहनों के साथ अन्य लोग मौके से भाग गए। उनके (एसडीएम ओमकांत ठाकुर) चेहरे पर चोटें आई हैं और उनका उपचार किया गया है। पुलिस जांच कर रही है। मंडी प्रशासन जिले में अवैध खनन के मामलों पर निगरानी और नियंत्रण रखना जारी रखेगा। सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सागर चंद्र ने कहा कि हमलावर को हिरासत में लिया गया है। एएसपी चंद्र ने कहा कि एसडीएम पर उस समय हमला किया गया जब वह खनन स्थल का निरीक्षण करने गए थे। हम मामले की जांच कर रहे हैं और एफआईआर दर्ज करने से पहले हम उनका और उनके ड्राइवर का बयान भी लेंगे। हमलावर को हिरासत में लिया गया है।
