देश

साइप्रस ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से किया सम्मानित, कहा- ये 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साइप्रस के दौरे पर हैं। इस दौरान पीएम मोदी को साइप्रस ने अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया है।

Image

साइप्रस में पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान

साइप्रस ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया है। पीएम मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ़ द ऑर्डर ऑफ़ मकारियोस III से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार भारत और साइप्रस के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में उनके असाधारण योगदान को मान्यता देता है।

पीएम मोदी ने किया आभार व्यक्त

पीएम मोदी ने साइप्रस के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार को देश की जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा, ''ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III सम्मान के लिए मैं आपका (साइप्रस के राष्ट्रपति), साइप्रस सरकार और साइप्रस के लोगों का अभिनंदन करता हूं। ये सम्मान केवल मेरा सम्मान नहीं है, ये 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है। उनके सामर्थ्य और आकांक्षाओं का सम्मान है। ये हमारे देश के सांस्कृतिक भाईचारे और "वसुधैव कुटुंबकम" की विचारधारा का सम्मान है। मैं यह अवॉर्ड भारत और साइप्रस के महत्वपूर्ण संबंधों को,हमारे साझा मूल्यों को समर्पित करता हूं। सभी भारतीयों की तरफ से मैं ये सम्मान अत्यंत विनम्रता और कृतज्ञता से स्वीकार करता हूं।''

पीएम मोदी ने संबंध और मजबूत करने पर दिया जोर

पीएम मोदी ने आगे कहा कि ये सम्मान शांति, सुरक्षा, संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और हमारे लोगों की समृद्धि के लिए हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मैं इस सम्मान को भारत और साइप्रस के संबंधों के प्रति एक जिम्मेदारी समझता हूं और मैं उस भाव से इसे स्वीकार करता हूं। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी सक्रिय साझेदारी आने वाले समय में नई ऊंचाइयां छुएगी। हम मिलकर न केवल अपने देशों के विकास को मजबूत करेंगे, बल्कि एक शांतिपूर्ण और सुरक्षित वैश्विक वातावरण के निर्माण के लिए मिलकर योगदान देंगे। पीएम मोदी ने साइप्रस का सर्वोच्च सम्मान मिलने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''साइप्रस के 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III' का सम्मान पाकर मैं बहुत खुश हूं। मैं इसे हमारे देशों के बीच मित्रता को समर्पित करता हूं।''

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article