Kalaburagi Accident: कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में कंटेनर लॉरी ड्राइवर को अचानक दिल का दौरा पड़ने की वजह से बड़ा हादसा हो गया। कंटेनर लॉरी ड्राइवर को दिल का दौरा पड़ने से वाहन अनियंत्रित हो गया और कई गाड़ियों को टक्कर मारी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
कहां का है मामला?
यह घटना गुरुवार की शाम कलबुर्गी जिले के जेवरगी बस स्टैंड के सामने हुई। हादसे में सब्जी व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई जिसकी पहचान 32 वर्षीय मोहम्मद अली के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि कंटेनर यादगिरी जिले के शाहपुर से कलबुर्गी की ओर जा रहा था तभी अचानक लॉरी ड्राइवर को दिल का दौरा पड़ा, जिसकी वजह से वाहन बेकाबू हो गया।
बेकाबू वाहन ने सब्जी व्यापारी को कुचलने के बाद ऑटो और दुपहिया वाहन को टक्कर मारते हुए एक बिजली के खंभे से जा टकराया। लॉरी ड्राइवर को इलाज के लिए कलबुर्गी जिला अस्पताल में भर्जी कराया है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची जेवरगी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
