संविधान दिवस पर पीएम मोदी का संदेश- आपातकाल से लेकर अनुच्छेद 356 के दुरुपयोग का जिक्र, 'दिमागी नक्सलियों' से किया आगाह

संविधान दिवस पर अपने लेख में प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में संविधान की भावना जमीनी स्तर तक पहुंची है और सरकारी योजनाओं के जरिए आम लोगों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं व वंचित वर्गों को सशक्त बनाया गया है।

आज 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों के बीच संविधान के प्रति बढ़ते जुड़ाव की सराहना की और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं व प्रमुख सुधारों का उल्लेख किया। संविधान दिवस पर अपने लेख में प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में संविधान की भावना जमीनी स्तर तक पहुंची है और सरकारी योजनाओं के जरिए आम लोगों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं व वंचित वर्गों को सशक्त बनाया गया है। उन्होंने शासन में पारदर्शिता, डिजिटल सेवाओं के विस्तार, बुनियादी ढांचे के विकास और विभिन्न सामाजिक व आर्थिक सुधारों को संविधान के मूल्यों को मजबूत करने से जोड़ा। पीएम मोदी ने कहा कि संविधान की संसद और अदालतों के दायरे से कहीं आगे तक गूंजनी चाहिए।

Pradhan mantri Modi

संविधान दिवस पर पीएम मोदी का संदेश

संविधान निर्माताओं को नमन और व्यक्तिगत आभार

प्रधानमंत्री ने 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा संविधान को अंगीकृत किए जाने को याद करते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के प्रत्येक सदस्य को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि इन विभूतियों की महानता इस बात में थी कि उन्होंने आधुनिक संविधान का निर्माण करते समय भारत की समृद्ध परंपराओं और सभ्यतागत ज्ञान से व्यापक प्रेरणा ली। इसी जुड़ाव को मजबूत करने और देश की एकता की भावना को प्रबल करने के लिए उनकी सरकार ने एक दशक पहले 26 नवंबर को 'संविधान दिवस' के रूप में मनाने का निर्णय लिया था।

संविधान जीवन का अभिन्न हिस्सा

अपनी जीवन यात्रा का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि करोड़ों भारतीयों की तरह उनके लिए भी संविधान जीवन का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने लिखा, जब भी मैं अपने बचपन, उन साधारण परिस्थितियों जिनमें मैं पला-बढ़ा और रोजमर्रा के संघर्षों को देखता हूं, तो मेरा मन संविधान के प्रति कृतज्ञता से भर जाता है। एक साधारण परिवार में जन्म लेने वाला बच्चा, जिसके पास जन्मजात कोई विशेषाधिकार नहीं था, उसे एक दिन दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा करने की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है—यह हमारे संविधान की असाधारण शक्ति को दर्शाता है। संविधान के कारण ही अब जन्म की परिस्थितियां किसी के भविष्य की सीमाएं तय नहीं करतीं।"

आपातकाल, 42वें संशोधन और अनुच्छेद 356 पर निशाना

अपने लेख में प्रधानमंत्री ने इतिहास के उन अध्यायों का भी जिक्र किया, जहां संवैधानिक मूल्यों को चुनौती दी गई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 आपातकाल के चरम पर लागू किए गए 42वें संविधान संशोधन के 50 वर्ष पूरे होने का भी प्रतीक है। इस संशोधन ने न्यायिक समीक्षा को सीमित किया था और संस्थागत शक्तियों के संतुलन को बुनियादी रूप से बदल दिया था।

अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग

चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए इस्तेमाल होने वाले अनुच्छेद 356 पर चिंता जताते हुए मोदी ने बिना नाम लिए विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक पार्टी के नाम करीब 100 बार अनुच्छेद 356 लगाने का संदिग्ध रिकॉर्ड दर्ज है, जबकि एक पूर्व प्रधानमंत्री ने अकेले ही 50 बार इसका इस्तेमाल किया था।

नक्सलवाद के खात्मे और 'दिमागी नक्सलियों' का जिक्र

प्रधानमंत्री ने देश के कई हिस्सों, विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों को प्रभावित करने वाली नक्सलवाद की समस्या पर भी लिखा। उन्होंने रेखांकित किया कि कैसे उनकी सरकार ने इस वर्ष नक्सलवाद का खात्मा किया, जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि समाज का सबसे गरीब व्यक्ति भी अब बिना किसी डर के अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग कर सकता है। इसके साथ ही उन्होंने आगाह किया कि "दिमागी नक्सली" अब भी सक्रिय हैं और देश की विकास यात्रा को पटरी से उतारने की कोशिश कर रहे हैं।

महिला सशक्तिकरण और विधायिका में प्रतिनिधित्व

पीएम मोदी ने कहा कि संविधान के निर्माण में योगदान देने वाली असाधारण महिलाओं को याद किए बिना संविधान की यात्रा अधूरी रहेगी। उन्होंने विधायी निकायों में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के लिए सरकार द्वारा लाए गए कानून का जिक्र करते हुए कहा कि यह शर्मनाक है कि "एक विपक्षी दल" ने इसे पारित नहीं होने दिया, जो संवैधानिक मूल्यों के प्रति उसकी अवहेलना को फिर से दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने देश की 'नारी शक्ति' को आश्वस्त किया कि उनकी सरकार उन्हें न्याय दिलाना सुनिश्चित करेगी।

End Article
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के ...

End of Feed