उत्तराखंड में हरिद्वार-देहरादून रेलवे ट्रैक पर डेटोनेटर रखने के आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस ने यहां बताया कि रविवार रात हरिद्वार जीआरपी को मुरादाबाद रेलवे मंडल के नियंत्रण कक्ष से मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर डेटोनेटर पड़े होने की सूचना मिली । जीआरपी ने मौके पर पहुंच कर डेटोनेटर बरामद कर लिया।
हरिद्वार में ट्रेन उड़ाने की साजिश (फाइल फोटो)
हरिद्वार जीआरपी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरिता डोभाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी अशोक को पकड़ा गया। फुटेज में वह संदिग्ध हालत में रेलवे ट्रैक पर टहलता दिखाई दे रहा था।
ये भी पढ़ें- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मिला वॉल ग्रेनेड, मौके पर बम निरोधक दस्ता मौजूद; NSG को दी गई सूचना
उन्होंने बताया कि अशोक के पास से पुलिस को कई डेटोनेटर भी बरामद हुए हैं । आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है । डोभाल ने कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
