जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में मंगलवार को आतंकवादियों के लिए काम करने के संदेह में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और उसके पास से 10 ग्रेनेड जब्त किये गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
तलाशी के दौरान पकड़ा गया आरोपी
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलवामा शहर में आतंकी हमले की आशंका की गुप्त सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर के इस जिले में सर्कुलर रोड पर एक सुरक्षा चौकी स्थापित की। उन्होंने कहा कि तलाशी के दौरान जिले के डांगरपुरा के निवासी मोटरसाइकिल सवार दानिश बशीर को रूकने को कहा गया।
10 ग्रेनेड मिली
अधिकारी के मुताबिक तलाशी लेने पर उसके पास से 10 ग्रेनेड और पांच बैटरियां मिलीं जो सावधानीपूर्वक लपेटकर मोटरसाइकिल की सीट के नीचे रखी गई थीं। उन्होंने कहा कि गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम और विस्फोटक अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया और बशीर को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि जांच जारी है तथा और गिरफ्तारियां किये जाने की संभावना है।
मारे गए तीन आतंकी
इससे पहवले जम्मू कश्मीर के अखनूर सेक्टर के एक गांव के पास वन क्षेत्र में छिपे दो आतंकवादियों को सुरक्षा बलों ने मंगलवार सुबह मार गिराया। जिससे नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास 27 घंटे तक चली मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादियों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। अभियान को को ‘‘सफल’’ बताते हुए 10 इन्फैंट्री डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल समीर श्रीवास्तव ने कहा कि आतंकवादी एक ‘‘बड़े हमले’’ के लिए आए थे।
