Rajasthan: अपनी पहली सियासी परीक्षा में फेल हुई BJP, नहीं चला मंत्री बनाने का दांव, कांग्रेस ने जीती करणपुर सीट

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 8, 2024, 01:46 PM IST

Karanpur Constituency Result: कांग्रेस ने राजस्थान की करणपुर सीट जीत ली है। पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कांग्रेस उम्मीदवार रुपिन्दर सिंह कूनर को जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Karanpur Constituency Result : कांग्रेस ने राजस्थान की करणपुर सीट जीत ली है। इस उपचुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। उपचुनाव से पहले भाजपा ने सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को मंत्री बनाया था लेकिन उसका यह दांव चल नहीं पाया। पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कांग्रेस उम्मीदवार रुपिन्दर सिंह कूनर को जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। गहलोत ने X पर अपने पोस्ट में कहा कि 'श्रीकरणपुर में कांग्रेस प्रत्याशी श्री रुपिन्दर सिंह कूनर को जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह जीत स्व. गुरमीत सिंह कुन्नर के जनसेवा कार्यों को समर्पित है। श्रीकरणपुर की जनता ने भारतीय जनता पार्टी के अभिमान को हराया है। चुनाव के बीच प्रत्याशी को मंत्री बनाकर आचार संहिता और नैतिकता की धज्जियां उड़ाने वाली भाजपा को जनता ने सबक सिखाया है।

Karanpur seat

करणपुर सीट पर भाजपा की हार हुई है।

कूनर ने टीटी को 12 हजार वोटों के अंतर से हराया

बता दें कि दिसंबर महीने चुनाव प्रचार के दौरान इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार और तत्कालीन विधायक गुरमीत सिंह कूनर का निधन हो गया। इसके बाद इस सीट पर मतदान टाल दिया गया। 25 नवंबर को राजस्थान की 199 सीटों पर वोटिंग हुई। इस चुनाव में भाजपा को 115 सीटों पर जीत मिली। कांग्रेस ने कूनर के बेटे रूपिंदर सिंह को इस सीट से मैदान में उतारा। कूनर ने टीटी को करीब 12 हजार वोटों के अंतर से हराया है।

पहले सियासी इम्तिहान में BJP को हार मिली

राजस्थान में सरकार बनने के बाद बीजेपी को पहले ही सियासी इम्तिहान में हार मिली। माना जा रहा है कि कांग्रेस प्रत्याशी को अपने पिता के प्रति सहानुभूति की लहर मिली है। हालांकि, चुनाव प्रचार में सीएम भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, राजेंद्र राठौड़ ,सतीश पूनिया सहित तमाम दिग्गज नेताओं ने अपनी ताकत झोंकी थी।

तीन दिसंबर को आए राजस्थान के चुनाव नतीजे

राज्य में विधानसभा की 200 में से 199 सीट के लिए 25 नवंबर को मतदान हुये थे, जिनके परिणाम तीन दिसंबर को घोषित कर दिये गये। इसमें भाजपा को 115 और कांग्रेस को 69 सीट मिलीं। श्रीगंगानगर की करणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी एवं तत्कालीन विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था। यहां भाजपा की ओर से पूर्व मंत्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी और कांग्रेस की ओर से कुन्नर के बेटे रुपिंदर सिंह उम्मीदवार हैं। सत्तारूढ़ भाजपा ने करणपुर सीट से चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को 30 दिसंबर को बतौर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मंत्रिपरिषद में शामिल कर लिया था।

End Article
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभा...

End of Feed