Milkipur By election : कांग्रेस नेता अजय राय ने कहा है कि उनकी पार्टी अयोध्या की मिल्कीपुर सीट का उपचुनाव नहीं लड़ेगी। राय ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से कर रही है। इसे देखते हुए हमने राज्य की सभी कार्यकारी समितियों को भंग कर दिया है। हमारा पूरा ध्यान 2027 पर है। राय ने कहा कि हम वादा करते हैं कि 2027 में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। बता दें कि 2024 का लोकसभा चुनाव समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मिलकर लड़ा था। इसके बाद नौ सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस दो सीटों पर लड़ी और दोनों सीटों पर उसे हार का सामना करना पड़ा। इस बीच इंडी गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच दरार बढ़ती जा रही है। कांग्रेस और सपा के बीच भी गतिरोध देखा जा रहा है। मिल्कीपुर सीट पर उपचुनाव न लड़ने के कांग्रेस के इस फैसले को दोनों पार्टी के बीच के मनमुटाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
नौ सीटों पर हुआ उपचुनाव
उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटें खाली हुई थीं, जिनमें से 9 पर उपचुनाव हो चुका है जबकि मिल्कापुर सीट पर चुनाव की घोषणा नहीं की गई थी। इसका कारण सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका थी। बीजेपी के नेता गोरखनाथ बाबा ने मिल्कीपुर में पिछली बार हुए चुनाव को लेकर याचिका डाली थी और उस समय के सपा उम्मीदवार अवधेश प्रसाद का नामांकन निरस्त करने की मांग की थी। हाल ही में इस पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया, जिसने बीजेपी नेता की याचिका को खारिज कर दिया। फिलहाल मिल्कीपुर सीट पर उपचुनाव का रास्ता साफ हो चुका है। इन नौ सीटों में भाजपा को 7 और सपा को दो सीटों पर जीत मिली। भाजपा की सात सीटों में एक सीट राष्ट्रीय लोकदल की है।
सपा में आंतरिक कलह, चौधरी ने छोड़ी पार्टी
अयोध्या जनपद की मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में टिकट को लेकर समाजवादी पार्टी में कलह शुरू हो गई है। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में सपा को बड़ा झटका लगा है। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता सूरज चौधरी ने अपने 500 साथियों के साथ समाजवादी पार्टी छोड़ दी है। सूरज चौधरी ने सांसद अवधेश प्रसाद पर परिवारवाद का आरोप लगाया है। उप चुनाव से ठीक पहले चौधरी का सपा छोड़ना पार्टी के लिए एक बड़ा झटका है।
