RS bypolls: भारतीय जनता पार्टी ने 20 दिसंबर को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को आंध्र प्रदेश से रयागा कृष्णैया, हरियाणा से रेखा शर्मा और ओडिशा से सुजीत कुमार को उम्मीदवार घोषित किया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई। इसमें कहा गया कि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों को स्वीकृति प्रदान की गई।
20 दिसंबर को उपचुनाव
निर्वाचन आयोग ने पिछले महीने चार राज्यों में राज्यसभा की रिक्त छह सीट के लिए 20 दिसंबर को उपचुनाव कराने की घोषणा की थी। आंध्र प्रदेश में तीन रिक्तियां तब पैदा हुई थीं, जब वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के सदस्य वेंकटरमण राव मोपीदेवी, बीड़ा मस्तान राव यादव और रयागा कृष्णैया ने अगस्त में उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। राज्यसभा सदस्य के रूप में यादव और कृष्णैया का कार्यकाल 21 जून, 2028 को समाप्त होना था जबकि मोपीदेवी को 21 जून, 2026 को सेवानिवृत्त होना था।
ओडिशा में बीजेडी सांसद सुजीत कुमार ने सीट छोड़ दी थी। इसके बाद उन्हें बीजू जनता दल ने निष्कासित कर दिया गया था। उनका कार्यकाल 2 अप्रैल, 2026 को समाप्त होना था। भाजपा के कृष्ण लाल पंवार ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में विधायक चुने जाने के बाद हरियाणा से राज्यसभा की अपनी सीट छोड़ दी थी।
ओडिशा से सुजीत कुमार उम्मीदवार
पार्टी के एक नेता ने कहा कि बीजद के पूर्व सांसद सुजीत कुमार भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में ओडिशा से राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने सोमवार को कुमार के नाम की औपचारिक घोषणा की। पार्टी नेता ने कहा कि उनके आज देर शाम नामांकन पत्र दाखिल करने की संभावना है।
कुमार ने सितंबर में बीजद सांसद के रूप में राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। उनके द्वारा खाली की गई सीट खाली पड़ी थी और भारत के चुनाव आयोग ने 26 नवंबर को ओडिशा की एक सीट सहित छह राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की थी। एक अधिसूचना में कहा गया है कि नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 10 दिसंबर है जबकि अगर आवश्यक हुआ तो मतदान 20 दिसंबर को होगा।
