Uttar Pradesh Elections: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने रणनीतियां बनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर औपचारिक बातचीत शुरू हो चुकी है। कांग्रेस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस ने सपा को उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 172 सीटों की सूची सौंप दी है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो साभार: @INCIndia)
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने अपने फीडबैक और आकलन के आधार पर 172 विधानसभा सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी है। इन सीटों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है, ताकि गठबंधन के तहत सीटों पर सहमति बनाने के लिए बातचीत की जा सके।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, दोनों दलों के बीच शुरुआती दौर की बातचीत हो चुकी है। कांग्रेस ने जिन 172 सीटों की सूची सपा को दी है, उन्हें A, B, C और D श्रेणियों में रखा गया है। पार्टी का रुख इन श्रेणियों के आधार पर अलग-अलग है। कहा जा रहा है कि A कैटेगरी की सीटों को लेकर कांग्रेस का रुख लगभग तय है, जबकि B कैटेगरी की सीटों पर कुछ बदलाव संभव है। वहीं, C और D कैटेगरी की सीटों पर बातचीत के लिए कांग्रेस तैयार है।
सम्मानजनक सीटों की मांग कर रही कांग्रेस
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी सीटों की संख्या को लेकर अड़ियल रुख नहीं अपना रही है, लेकिन वह गठबंधन में सम्मानजनक सीटें चाहती है। बताया जा रहा है कि सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच कई दौर की वार्ता हो सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा चुनाव? INDIA ब्लॉक में हो रही चर्चा, कांग्रेस बोली- समझौता होगा सम्मानजनक
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बुधवार को कहा कि गठबंधन में सीटों को लेकर चर्चा शुरू हो चुकी है और समझौता सम्मानजनक होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने संगठन की मजबूती और जनता के भरोसे के आधार पर कुछ सीटों पर अपना दावा पेश किया है।
