अगले साल की शुरुआत में होने वाले 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे पर अभी तक कोई अंतिम सहमति नहीं बन पाई है, लेकिन कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियों के नाम पर राज्य में वरिष्ठ नेताओं की एक लंबी-चौड़ी फौज जरूर उतार दी है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश चुनाव समिति और राजनीतिक मामलों की समिति का गठन किया है, जिनमें प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के दो दर्जन से अधिक दिग्गज चेहरों को शामिल किया गया है।
यूपी कांग्रेस में नेताओं की भारी-भरकम फौज
आराधना मिश्रा 'मोना' की अध्यक्षता में प्रदेश चुनाव समिति
कांग्रेस की ओर से गठित प्रदेश चुनाव समिति की कमान प्रदेश इकाई की अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' को सौंपी गई है। इस समिति में दिग्गज नेताओं की लंबी फेहरिस्त रखी गई है, जिनमें सलमान खुर्शीद, प्रमोद तिवारी, इमरान मसूद, राजीव शुक्ला और अजय राय प्रमुख हैं। इनके अलावा किशोरी लाल शर्मा, राकेश राठौर, तनुज पुनिया, उज्ज्वल रमण सिंह, इमरान प्रतापगढ़ी, निर्मल खत्री, राज बब्बर, अजय कुमार लल्लू, बृजलाल खाबरी, पी.एल. पुनिया, प्रदीप जैन आदित्य, अनिल शास्त्री, बेगम नूर बानो और जफर अली नकवी को भी इस जंबो समिति में जगह दी गई है।
राजनीतिक मामलों की समिति में भी दिग्गजों का जमावड़ा
चुनाव समिति के साथ-साथ पार्टी ने एक भारी-भरकम राजनीतिक मामलों की समिति भी बनाई है, जिसमें कई पदेन सदस्य भी शामिल किए गए हैं। इस समिति में उत्तर प्रदेश के पार्टी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा 'मोना', कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी, प्रमोद तिवारी, किशोरी लाल शर्मा, इमरान मसूद, राकेश राठौर, तनुज पुनिया, उज्ज्वल रमण सिंह, राजीव शुक्ला, इमरान प्रतापगढ़ी, अजय राय, राज बब्बर, अजय कुमार लल्लू, बृजलाल खाबरी, पी.एल. पुनिया, प्रदीप जैन आदित्य, राशिद अल्वी, जफर अली नकवी, बेगम नूर बानो और दानिश अली को शामिल किया गया है। वहीं सुप्रिया श्रीनेत, जितेंद्र बघेल और मनोज त्यागी को इस समिति में पदेन सदस्य बनाया गया है।
सपा पहले ही घोषित कर चुकी है 5 उम्मीदवार
दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस ने समितियों में नेताओं की फौज तो तैनात कर दी है, लेकिन सपा के साथ सीट बंटवारे का गणित अभी भी उलझा हुआ है। दोनों दल गठबंधन को अंतिम रूप देने की कोशिशों में जुटे हैं, मगर सीटों के बंटवारे को लेकर जारी बातचीत में तनातनी की खबरें सामने आई हैं। इसी खींचतान के बीच समाजवादी पार्टी की ओर से पांच उम्मीदवारों के नामों की घोषणा किए जाने से गठबंधन के भीतर के मतभेद और दबाव खुलकर सामने आ गए हैं। हालांकि, तमाम अड़चनों के बावजूद दोनों पक्षों को उम्मीद है कि जल्द ही सभी मुद्दे सुलझा लिए जाएंगे और सीट बंटवारे पर मुहर लग जाएगी।
उत्तर प्रदेश में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। विपक्षी गठबंधन के तहत कांग्रेस और समाजवादी पार्टी साथ मिलकर चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम कर रही हैं, लेकिन सीटों की संख्या और दावेदारी को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत अभी निर्णायक मोड़ पर नहीं पहुंच सकी है। इसी बीच संगठन को सक्रिय रखने और सभी गुटों व वरिष्ठ नेताओं को साधने के लिए कांग्रेस ने यह बड़ी समितियां गठित की हैं।
