Vice Presidential Elections: कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान से ठीक एक पहले इंडिया ब्लॉक के सांसदों को डिनर पर बुलाया है। इस डिनर का आयोजन सोमवार को संसद भवन के एनेक्सी में किया जाएगा।
खरगे ने यह बैठक विपक्षी एकजुटता को दर्शाने और उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी के समर्थन को मजबूत करने के लिए बुलाई है। हाल ही में बी सुदर्शन रेड्डी को एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का भी समर्थन मिला है।
ओवैसी ने क्या कुछ कहा?
ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''तेलंगाना सीएमओ ने आज मुझसे बात की और आग्रह किया कि हम उपराष्ट्रपति पद के लिए सुदर्शन रेड्डी का समर्थन करें। एआईएमआईएम एक हैदराबादी और सम्मानित न्यायविद न्यायमूर्ति रेड्डी को अपना समर्थन देगा।
कब होगा मतदान?
उपराष्ट्रपति पद के लिए 9 सितंबर को चुनाव होगा जिसमें विपक्षी उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी का सीधा मुकाबला राजग उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन से होगा। 21 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए जगदीप धनखड़ के इस्तीफा देने के बाद उपराष्ट्रपति का पद रिक्त हो गया था।
भाजपा ने सभी सांसदों को बुलाया दिल्ली
उपराष्ट्रपति का चुनाव एक निर्वाचक मंडल के माध्यम से होता है, जिसमें संसद के दोनों सदनों के सांसद होते हैं। इससे पहले, भाजपा ने भी अपने सभी सांसदों को एक पत्र जारी कर 6 सितंबर तक दिल्ली पहुंचने का निर्देश दिया था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सभी पार्टी सांसदों को 6 सितंबर को शाम 7 बजे अपने आवास पर रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया। 7 सितंबर को सांसदों को सुबह 9 बजे से देर शाम तक आयोजित पार्टी कार्यशाला में शामिल होने का निर्देश दिया गया है।
