कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश में रेप की हो रही घटनाओं पर सभी दलों से अपील करते हुए कहा कि सभी सरकारों, नागरिकों और राजनीतिक दलों को गंभीर मंथन करना होगा कि समाज में महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए क्या कदम उठाए जाएं। राहुल गांधी ने कहा कि एक समाज के तौर पर हम कहां जा रहे हैं, ये सोचने की जरूरत है।
पश्चिम बंगाल, यूपी, बिहार और महाराष्ट्र की रेप घटनाओं पर राहुल गांधी का पोस्ट
राहुल गांधी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पश्चिम बंगाल, यूपी, बिहार के बाद महाराष्ट्र में भी बेटियों के खिलाफ शर्मनाक अपराध सोचने पर मजबूर करते हैं कि हम एक समाज के तौर पर कहां जा रहे हैं? बदलापुर में दो मासूमों के साथ हुए अपराध के बाद उनको इंसाफ दिलाने के लिए पहला कदम तब तक नहीं उठाया गया जब तक जनता ‘न्याय की गुहार’ करते हुए सड़क पर नहीं आ गई।
राहुल गांधी ने सभी दलों से की ये अपील
राहुल गांधी ने कहा कि क्या अब FIR तक दर्ज कराने के लिए आंदोलन करने पड़ेंगे? आखिर पीड़ितों के लिए पुलिस थाने तक जाना भी इतना मुश्किल क्यों हो गया है? न्याय दिलाने से अधिक प्रयास अपराध छिपाने के लिए किया जाता है, जिसका सबसे बड़ा शिकार महिलाएं और कमज़ोर वर्ग के लोग होते हैं। FIR दर्ज नहीं होना न सिर्फ पीड़ितों को हतोत्साहित करता है बल्कि अपराधियों का हौसला भी बढ़ाता है। सभी सरकारों, नागरिकों और राजनीतिक दलों को गंभीर मंथन करना होगा कि समाज में महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए क्या कदम उठाए जाएं। न्याय हर नागरिक का अधिकार है, उसे पुलिस और प्रशासन की ‘मर्जी का मोहताज’ नहीं बनाया जा सकता।
कोलकाता-महाराष्ट्र में बवाल
बता दें कि कोलकाता और महाराष्ट्र रेप केस को लेकर देशभर में उबाल है। कोलकाता रेप केस के बाद पूरे देश में डॉक्टर प्रदर्शन कर रहे हैं। महाराष्ट्र में भी जनता सड़कों पर उतरी हुई है।
