देश

केरल चुनाव को लेकर दिल्ली में कांग्रेस की बड़ी बैठक, राहुल गांधी से 'नाराज' थरूर ने बनाई दूरी

केरल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की एक अहम मीटिंग आज दिल्ली में हुई। इस मीटिंग में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे सहित केरल कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए, लेकिन शशि थरूर इस मीटिंग में नहीं पहुंचे।

Image

केरल विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की मीटिंग (फोटो- @INCIndia)

केरल विधानसभा चुनाव को लेकर आज दिल्ली में कांग्रेस की एक बड़ी बैठक हुई। इस बैठक में विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई, लेकिन इस बैठक में केरल कांग्रेस के एक बड़े नेता शशि थरूर नहीं पहुंचे। शशि थरूर हाल के दिनों में कई बार पार्टी लाइन से अलग जा चुके हैं और कहा जा रहा है कि इस मीटिंग में उनका शामिल नहीं होने की वजह राहुल गांधी से नाराजगी है।

राहुल गांधी-खरगे थे मौजूद

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा के लिए शुक्रवार को राज्य से जुड़े वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की, लेकिन सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी तथा प्रदेश के कई अन्य नेताओं के व्यवहार से नाराजगी के चलते लोकसभा सदस्य शशि थरूर इसमें शामिल नहीं हुए। खरगे के आवास ‘10 राजाजी मार्ग’ पर हुई बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी दीपा दासमुंशी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सनी जोसेफ, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन, वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला तथा कई अन्य नेता शामिल हुए।

थरूर की ओर से सफाई

वहीं इस मीटिंग में शामिल नहीं होने पर शशि थरूर की ओर से सफाई भी दी गई है। थरूर के कार्यालय ने कहा है कि उन्होंने कोझिकोड में केरल साहित्य महोत्सव में अपनी पूर्व प्रतिबद्धताओं के कारण बैठक में शामिल होने में असमर्थता के बारे में पार्टी को सूचित कर दिया था।

अंदर की बात क्या?

हालांकि, बैठक से पहले थरूर के करीबी सूत्रों ने कहा कि वह बैठक में शामिल नहीं होंगे क्योंकि वह इस बात से ‘‘आहत’’ हैं कि राहुल गांधी ने हाल में कोच्चि में एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर उनके मौजूद होने के बावजूद उनके नाम का उल्लेख नहीं किया और राज्य के नेताओं द्वारा बार-बार उन्हें "दरकिनार" करने की कोशिश की जा रही है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article