Blackout in Punjab: भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य गतिरोध के बीच शुक्रवार की शाम पंजाब के फिरोजपुर, अमृतसर, पठानकोट और होशियारपुर समेत कई इलाकों में ब्लैकआउट लागू कर दिया गया। दरअसल, पंजाब के फिरोजपुर और पठानकोट जिलों में जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई। इसके बाद ब्लैकआउट का फैसला लिया गया है। फिलहाल धमाके कैसे हुए, इसे लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। सूत्रों के अनुसार, पठानकोट, फिरोजपुर अमृतसर और होशियारपुर जिलों में हवाई हमले के सायरन बजाए गए।
पंजाब में ब्लैकआउट (एक्स)
पंजाब के कई शहरों में ब्लैकआउट लागू
गौरतलब है कि गुरुवार की रात पाकिस्तान की तरफ से जम्मू और पठानकोट समेत भारतीय सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला करने की कोशिश की गई थी। जिसे भारत की तरफ से नाकाम कर दिया गया था। पाकिस्तान ने देश के 15 शहरों में इसी तरह की नाकाम कोशिश की थी।इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। यहां तक कि पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान में एलओसी और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर तीव्र गोलाबारी हुई थी। जिसे भारत ने नाकाम कर दिया था।
इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया था। इसमें खबर आई थी कि लाहौर में एयर डिफेंस सिस्टम को निष्प्रभावी कर दिया गया था। बता दें कि भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और पाकिस्तान में 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत बुधवार को नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए थे। इस हमले में पाकिस्तान के आंतकी शिविरों को निशाना बनाया गया था और उन्हें नेस्तनाबूद कर दिया गया था।
