PM Narendra Modi Meets Former Army Chiefs: पाकिस्तान से तनाव के बीच आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एनएसए अजीत डोभाल, सीडीएस और सभी सशस्त्र बलों के प्रमुखों के साथ बैठक की। प्रधानमंत्री ने मौजूदा हालात, ऑपरेशन सिंदूर पर इन शीर्ष अधिकारियों के साथ विस्तृत बातचीत की। इससे पहले आज पीएम मोदी ने तीनों सेवाओं के पूर्व प्रमुखों सहित दिग्गजों के साथ बातचीत की और मौजूदा स्थिति पर उनकी प्रतिक्रिया ली।
भविष्य की कार्रवाई पर रणनीति बनाने के लिए चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष बढ़ने के साथ पीएम मोदी ने भविष्य की कार्रवाई पर रणनीति बनाने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और तीनों सेना प्रमुखों और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ से मुलाकात की।

पीएम मोदी ने की बैठक
8 और 9 मई की रात को भारतीय प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के पाकिस्तानी कोशिशों का सशस्त्र बलों द्वारा करारा जवाब देने के साथ ही पाकिस्तान के साथ संघर्ष तेज हो गया है। विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने एक ब्रीफिंग में कहा कि पाकिस्तान ने सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए लेह से सर क्रीक तक 36 स्थानों पर 300-400 ड्रोन भेजे। भारतीय सेना ने ड्रोन को मार गिराया।

बैठक में मोदी-राजनाथ
जंग पर उतारू पाकिस्तान
बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की ओर से अंजाम दिए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान जंग पर उतर आया है। आतंकी संगठनों पर भारत की एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने पहले तो भारत के 15 जगहों पर हमले की नाकाम कोशिश की, फिर रात के दौरान जम्मू, राजस्थान, पंजाब, गुजरात के सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन और मिसाइल हमले किए। लेकिन भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया।
अमित शाह ने मौजूदा स्थिति की समीक्षा की
भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के मद्देनजर गृह मंत्री अमित शाह ने पाकिस्तान के साथ लगती भारत की सीमा और देश के हवाई अड्डों पर मौजूदा स्थिति की शुक्रवार को समीक्षा की। इससे कुछ ही घंटों पहले सीमा सुरक्षा बल ने कहा कि उसने जम्मू में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार से घुसपैठ की कोशिश कर रहे सात आतंकवादियों को मार गिराया और पाकिस्तान रेंजर्स की एक चौकी को भी नष्ट कर दिया है।
