Drones Neutralised in Jammu And Pathankot: पाकिस्तान ने भारतीय सीमा में ड्रोन भेजना शुक्रवार को जारी रखा और सेना ने कहा कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला से लेकर गुजरात के भुज तक 26 स्थानों पर ड्रोन देखे गए। सेना ने कहा कि ड्रोन बारामूला, श्रीनगर, अवंतीपोरा, नगरोटा, जम्मू, फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, लालगढ़ जट्टा, जैसलमेर, बाड़मेर, भुज, कुआरबेट और लक्की नाला में देखे गए। इसमें कहा गया है, उत्तर में बारामूला से लेकर दक्षिण में भुज तक, अंतरराष्ट्रीय सीमा और पाकिस्तान के साथ लगती नियंत्रण रेखा पर 26 स्थानों पर ड्रोन देखे गए हैं। इसमें नागरिक और सैन्य ठिकानों के लिए संभावित खतरा पैदा करने वाले संदिग्ध सशस्त्र ड्रोन भी शामिल हैं। सेना ने कहा, इन स्थानों में बारामूला, श्रीनगर, अवंतीपोरा, नगरोटा, जम्मू, फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, लालगढ़ जट्टा, जैसलमेर, बाड़मेर, भुज, कुआरबेट और लाखी नाला शामिल हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति पर कड़ी और निरंतर नजर रखी जा रही है और जहां भी आवश्यक हो, त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
रात होते ही पाकिस्तान ने एक बार फिर सीमावर्ती इलाकों में हिमाकत करते हुए ड्रोन अटैक शुरू कर दिए हैं। भारत ने भी इसका जवाब देते हुए इन्हें मार गिराना शुरू कर दिया। हमलों के चलते जम्मू, जैसलमेर, राजौरी सहित कई जगहों पर ब्लैकआउट किया गया है। लेकिन भारतीय एयर डिफेंस ने सभी ड्रोन आसमान में ही मार गिराए हैं। पाकिस्तान ने कल के पैटर्न पर ही हमला शुरू किया। भारतीय सेना भी इनका करारा जवाब देते हुए आसमान में ही इन्हें ढेर कर रही है।
पुंछ को बनाया निशाना
सैन्य अधिकारियों ने बताया कि आज रात जम्मू, सांबा और पठानकोट में पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए और भारतीय सेना उनसे निपट रही है। एक दिन पहले ही भारत ने पाकिस्तानी सेना द्वारा ड्रोन और मिसाइलों का उपयोग करके भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने के प्रयासों को विफल कर दिया था। एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू, सांबा और पठानकोट में ड्रोन देखे गए हैं। उनसे निपटा जा रहा है।
पाकिस्तान ने खास तौर पर पुंछ को निशाना बनाते हुए ड्रोन हमला किया है। पुंछ जिले की मेंढर सब डिविजन के विभिन्न हिस्सों में पाकिस्तानी ड्रोन घुसे हैं लेकिन सेना ने ड्रोन पर फायरिंग कर उन्हें मार गिराया।
बुधवार रात को पाकिस्तानी सेना ने मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल करके अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज को निशाना बनाने का प्रयास किया था। भारत ने 15 भारतीय शहरों पर हमला करने के पाकिस्तान के प्रयासों को विफल करने के लिए बराक-8 मिसाइलों, एस-400 ट्रायम्फ वायु रक्षा प्रणालियों, आकाश सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों और स्वदेशी रूप से विकसित ड्रोन रोधी उपकरणों को तैनात किया है।
पोकरण में पाकिस्तानी ड्रोन
जैसलमेर के पोकरण में पाकिस्तानी ड्रोन आसमान में घूमता दिखा। आर्मी कैंट सहित आसपास के क्षेत्र में हमले के प्रयास हुए हैं। वहीं आर्मी एयर डिफेंस की ओर से ड्रोन पर लगातार फायर किए जा रहे हैं। आसमान में ही ड्रोन को मार गिराने की कोशिश हो रही है। इसी बीच शहर के पास लगातार तेज धमाके हो रहे हैं। भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने ड्रोन को हवा में ही मार गिराया है।
पंजाब के पठानकोट में भी ड्रोन मार गिराए
वहीं, पंजाब के पठानकोट में ब्लैकआउट के बीच भारतीय वायु रक्षा ने पाकिस्तानी ड्रोन को ध्वस्त किया। इस वीडियो में लाल धारियां देखी जा सकती हैं और विस्फोटों की आवाज भी सुनी जा सकती है।
कच्छ और बनासकांठा में पूर्ण ब्लैकआउट
वहीं, गुजरात के कच्छ और बनासकांठा में पूर्ण ब्लैकआउट कर दिया गया है। यहां अब तक 10-11 ड्रोन को मार गिराया गया है। उधर, पंजाब के गुरदासपुर में भी फिर से ड्रोन हमले हुए शुरू हुए हैं एक साथ हुए तीन धमाके सुने गए। पठानकोट एयरबेस पर ड्रोन अटैक विफल रहा। एयरबेस को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। CMO गुजरात ने कहा कि एहतियात के तौर पर पाटन जिले के सीमावर्ती संतालपुर तालुका के गांवों में ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है। सभी नागरिकों को अफ़वाहों से दूर रहने और प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जाती है।
गुजरात में दिखे सभी ड्रोन मार गिराए गए। कच्छ के जखौ के समंदर में भी देखा गया था ड्रोन। एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी ड्रोन मार गिराए। जखौ पोर्ट को खाली कराया जा रहा है। जखौ के अलावा, नलिया, लखपत में भी ड्रोन देखा गया था।
कहां-कहां दिखे ड्रोन
- उधमपुर
- कठुआ
- नौशेरा
- पुंछ मेधार
- फिरोजपुर पंजाब
- सांबा
- अखनूर
- पठानकोट
- जम्मू
- जैसलमेर
राजस्थान में भी ड्रोन अटैक
ड्रोन हमले के मद्देनजर राजस्थान के जोधपुर शहर में ब्लैकआउट किया गया है। जिला कलेक्टर ने शहर को ब्लैक आउट कराया है। पूरे शहर की विद्युत आपूर्ति को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा बाड़मेर में भी पाकिस्तान ने ड्रोन भेजे हैं जिनका भारतीय एयर डिफेंस इनका लगातार जवाब दिया जा रहा है।
राजस्थान के जैसलमेर में शुक्रवार को लगातार दूसरी रात पाकिस्तान से आने वाले ड्रोन को रोका गया और वायु रक्षा प्रणालियों ने हवा में रोककर नष्ट कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि इस खतरे के बाद सुरक्षाबलों ने रेड अलर्ट जारी किया और कई सीमावर्ती जिलों में व्यापक ब्लैकआउट कर दिया। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान से लॉन्च किए गए ड्रोन को भारत की वायु रक्षा प्रणालियों ने हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया। हमलों के तुरंत बाद, पोकरण में सायरन बजने लगे और एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में पूर्ण ब्लैकआउट कर दिया गया। हमले के बाद,जोधपुर में आधी रात को शुरू होने वाला ब्लैकआउट को शुक्रवार को तुरंत पूरे शहर में लागू कर दिया गया। रेट अलर्ट को बाड़मेर, श्रीगंगानगर, फलोदी और जोधपुर तक बढ़ा दिया गया और इन जिलों में इसी तरह के ब्लैकआउट लागू किए गए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
