CM Vijay Tiruchirappalli Visit: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय तिरुचिरापल्ली पूर्व विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का आभार जताने के लिए आज यानी एक जून को तिरुचिरापल्ली का दौरा करेंगे। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। विजय ने इस निर्वाचन क्षेत्र से भी जीत हासिल की थी और बाद में इस सीट से इस्तीफा दे दिया। तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट पर, उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) उम्मीदवार एस इनिगो इरुदयाराज के खिलाफ 27,416 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।
मुख्यमंत्री विजय का तिरुचिरापल्ली का दौरा
"धन्यवाद बैठक" में भाग लेंगे विजय
विजय ने पेरम्बूर निर्वाचन क्षेत्र में द्रमुक उम्मीदवार आर डी शेखर को 53,715 मतों के अंतर से हराया। हालांकि, विजय ने पेरम्बूर सीट अपने पास ही रखने के लिए तिरुचिरापल्ली सीट छोड़ने का विकल्प चुना। टीवीके सूत्रों ने बताया कि विजय के विमान से चेन्नई से रवाना होने और शाम करीब 4 बजे तक तिरुचिरापल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है। वह वहां सेंट जोसेफ कॉलेज में एक "धन्यवाद बैठक" में भाग लेंगे।
विधायकों को निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा करने का निर्देश
तिरुचिरापल्ली में जारी परियोजनाओं के विकास की समीक्षा के अलावा एक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के टीवीके कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करने की भी उम्मीद है। विजय की यात्रा भी पार्टी के भीतर चल रही उस कवायद का हिस्सा है, जिसमें सभी टीवीके विधायकों को मतदाताओं का आभार जताने के लिए अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा करने का निर्देश दिया गया है। इस बीच, तिरुचिरापल्ली में संवाददाता सम्मेलन में विधानसभा उपाध्यक्ष एम रविशंकर और टीवीके नेता कु पा कृष्णन ने कहा कि तैयारी जोरशोर से की जा रही है।
अजित कुमार के घर पहुंचे थे विजय
गौरतलब है कि तमिल फिल्म स्टार अजित कुमार अपनी मां मोहिनी मणि के निधन के बाद शनिवार को दुबई से चेन्नई लौट आए। इस दुखद समय में उनका परिवार शोक में डूबा हुआ है। फिल्म और राजनीतिक जगत से कई लोग उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं, जिनमें मुख्यमंत्री विजय और अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी शामिल रहीं। जानकारी के अनुसार, अभिनेता से राजनेता बने विजय भी अजित कुमार के घर पहुंचे और उन्होंने मोहिनी मणि के निधन पर गहरा दुख जताया।
