देश

हिमाचल निकाय चुनाव में भाजपा का दबदबा, मंडी-धर्मशाला और सोलन में कांग्रेस को झटका

Himachal Civic Polls 2026: हिमाचल प्रदेश के शहरी निकाय चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंडी, धर्मशाला और सोलन नगर निगम में जीत दर्ज की। वहीं कांग्रेस पालमपुर नगर निगम पर अपना कब्जा बरकरार रखने में सफल रही।

Image

हिमाचल में भाजपा की मजबूत वापसी (फाइल फोटो)

Himachal Civic Polls 2026: हिमाचल प्रदेश के शहरी निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। भाजपा ने मंडी, धर्मशाला और सोलन नगर निगम में जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस केवल पालमपुर नगर निगम को अपने पास बनाए रखने में सफल रही। इन चुनाव परिणामों को दोनों प्रमुख दल अपने-अपने नजरिए से देख रहे हैं और इसे आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

चारों शहरी स्थानीय निकायों (Himachal Pradesh nikay chunav results 2026) के लिए मतदान 17 मई को हुआ था और रविवार को इसके नतीजे घोषित किए गए। कुल 63 वार्डों में चुनाव हुए, जिनमें भाजपा ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की। कांग्रेस को 23 सीटें मिलीं, जबकि तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। मंडी नगर निगम में भाजपा ने एकतरफा जीत हासिल की। यहां पार्टी ने 12 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस केवल एक सीट जीत सकी। एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई। वहीं सोलन नगर निगम में भाजपा ने 17 में से 10 सीटों पर कब्जा किया। कांग्रेस को छह सीटें मिलीं और एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीती।

धर्मशाला नगर निगम में भी भाजपा का प्रदर्शन रहा मजबूत

धर्मशाला नगर निगम में भी भाजपा का प्रदर्शन मजबूत रहा। यहां पार्टी ने 11 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को पांच सीटों से संतोष करना पड़ा। एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई। दूसरी ओर पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस ने अपनी पकड़ बरकरार रखी। यहां पार्टी ने 15 में से 11 वार्डों में जीत हासिल की, जबकि भाजपा को चार सीटें मिलीं। मतदान प्रतिशत की बात करें तो पालमपुर में सबसे ज्यादा 68.97 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद मंडी में 66.78 प्रतिशत, धर्मशाला में 60.01 प्रतिशत और सोलन में 58.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

जनता ने कांग्रेस की नीतियों को नकारा-भाजपा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने चुनाव परिणामों को राज्य सरकार के खिलाफ जनता का संदेश बताया। उनका कहना है कि लोगों ने कांग्रेस सरकार की नीतियों को नकारते हुए भाजपा पर भरोसा जताया है। वहीं कांग्रेस नेता नरेश चौहान ने कहा कि इन चुनावों के आधार पर पूरे राज्य की राजनीतिक स्थिति का आकलन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव परिणामों की समीक्षा करेगी और उम्मीदवार चयन समेत अन्य पहलुओं पर विचार किया जाएगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन चुनावों के नतीजे हिमाचल प्रदेश की राजनीति में आगे की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं, खासकर तब जब 2027 के विधानसभा चुनाव धीरे-धीरे नजदीक आ रहे हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article