India Climate Summit 2025: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को टाइम्स नेटवर्क के इंडिया क्लाइमेट समिट 2025 के एक कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि इस तरह से राज्य महत्वाकांक्षी लक्ष्यों और इनोवेटिव पॉलिसीज की बदौलत जलवायु लचीलेपन में अग्रणी के तौर पर उभर रहा है। मुख्यमंत्री यादव ने 360 जलवायु-स्मार्ट गांवों के निर्माण से लेकर रिन्यूएबल एनर्जी, ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर और सस्टेनेबल वेस्ट मैनेजमेंट को बढ़ावा देने तक का जिक्र करते हुए कहा कि जब पूरी दुनिया पर्यावरणीय समस्याओं से जूझ रही है तब मध्य प्रदेश इससे निपटने की पहल में अग्रणी बनकर उभर रहा है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव
CM यादव ने क्या कुछ कहा?
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि आज पूरी दुनिया में पर्यावरण एक अहम मुद्दा है। जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और दुष्प्रभाव, दोनों का देश-प्रदेश और यहां पर पृथ्वी को भी अलग तरह से अहसास हो रहा है... अगर हम पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को महसूस करें तो चाहे वह कृषि हो, स्वास्थ्य हो या कोई अन्य क्षेत्र, हम अपने चारों ओर इसके दुष्प्रभाव को देख सकते हैं।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री ने पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जलवायु परिवर्तन के महत्व को बहुत महत्व दिया है। पूरा विश्व पर्यावरणीय समस्याओं से जूझ रहा है। हमारा देश भी इससे अछूता नहीं है। उन्होंने कहा, ''इस संदर्भ में अगर हम मध्य प्रदेश की बात करें तो जल, जंगल और जमीन तीनों ही क्षेत्रों में मध्य प्रदेश बहुत समृद्ध रहा है। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने पर्यावरण के साथ जुड़कर अपनी प्रकृति की मजबूती को बनाए रखें।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि खासकर अगर हम आज के समय में ग्रीन एनर्जी के महत्व की बात करें तो हम कह सकते हैं कि दुनिया मध्य प्रदेश से सीख रही है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा उत्पादन में भी मध्य प्रदेश ने अपनी अलग पहचान बनाई है...
इंडिया क्लाइमेट समिट 2025
इंडिया क्लाइमेट समिट 2025 के दूसरे चरण का उद्घाटन केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने किया। उन्होंने अन्य गणमान्य हस्तियों संग दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। टाइम्स नेटवर्क द्वारा आयोजित यह समिट टिकाऊ समाधान के लिए नेताओं को एक साथ एक मंच पर लाता है।
