देश

शिक्षा मंत्री प्रधान के इस्तीफे तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा, कॉकरोज जनता पार्टी के अभिजीत दीपके ने फिर किया ऐलान

पत्रकारों से बातचीत में दीपके ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी का यह आंदोलन तब तक नहीं रुकेगा जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते।

Image

अभीजीत दीपके

Abhijeet Dipke: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक बार फिर रविवार को कहा कि परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते। दीपके ने यह भी कहा कि शनिवार को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर उनका विरोध प्रदर्शन काफी हद तक सफल रहा और इसमें लगभग 7,000 लोगों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि अब यह आंदोलन पूरे देश में फैलेगा।

छत्रपति संभाजीनगर में अपने घर पहुंचे दीपके

सीजेपी के संस्थापक रविवार सुबह महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले के एमआईडीसी वालुज क्षेत्र स्थित अपने आवास पर पहुंचे, जहां परिवार के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। बाद में पत्रकारों से बातचीत में दीपके ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी का यह आंदोलन तब तक नहीं रुकेगा जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते। उन्होंने कहा, हमने जंतर-मंतर पर जो विरोध प्रदर्शन किया वह सफल रहा क्योंकि इसमें 6,000 से 7,000 लोग शामिल हुए। यह आंदोलन राष्ट्रव्यापी होगा। जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते, हम पीछे नहीं हटेंगे।

राष्ट्रव्यापी आंदोलन के लिए कार्ययोजना होगी तैयार

दीपके ने कहा, हम इस आंदोलन को राष्ट्रव्यापी बनाने के लिए एक और कार्य योजना तैयार करेंगे। शनिवार को सीजेपी के बैनर तले सैकड़ों प्रदर्शनकारी दिल्ली के जंतर-मंतर पर जमा हुए और परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रधान के इस्तीफे की मांग की। दीपके ने प्रदर्शनकारियों को संदेश दिया कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। बाद में राष्ट्रीय राजधानी में एक प्रेस वार्ता में सीजेपी के प्रवक्ताओं ने घोषणा की कि वे एक सप्ताह तक इस बात का इंतजार करेंगे कि या तो केंद्र सरकार प्रधान को बर्खास्त करे या प्रधान खुद इस्तीफा दे दें। उन्होंने कहा कि इसके बाद वे देशव्यापी प्रदर्शन शुरू करेंगे।

जंतर-मंतर पर कॉकरोच पार्टी का प्रदर्शन

प्रदर्शन का आह्वान करने वाले दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे से बाहर निकलते समय उनके हाथ में बी आर आंबेडकर की आत्मकथा की एक प्रति थी। दिल्ली पुलिस से प्रदर्शन की अनुमति मिलने के बाद वह जंतर-मंतर पहुंचे, जहां सुबह से ही लोग एकत्र होने लगे थे। प्रधान के इस्तीफे की मांग वाले पोस्टर लिए प्रदर्शनकारी कॉकरोच (तिलचट्टे) के मुखौटे पहने नजर आए। ये मुखौटे प्रदर्शन स्थल पर बांटे जा रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। इसके अलावा उन्होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी से हिंदू-मुस्लिम की राजनीति बंद करने की मांग करते हुए नारेबाजी की और भारत माता की जय के नारे भी लगाए।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article