LIVE

CJP Protest Live: RML अस्पताल में घायलों से मिले केजरीवाल, नड्डा भी पहुंचे, CJP के प्रदर्शन के दौरान कल हुई थी हिंसा

आलोक कुमार रावUpdated Jul 21, 2026, 12:57 IST

CJP Protest Live Updates: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन और उसके 'संसद चलो' मार्च को देखते हुए जंतर मंतर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संसद और उसके आस-पास के इलाकों में भी अर्धसैनिक बलों एवं दिल्ली पुलिस की तैनाती है। सीजेपी के सोमवार के प्रदर्शन एवं 'संसद चलो' मार्च के दौरान कई जगहों पर सुरक्षाकर्मियों के साथ उसकी झड़प हुई। पुलिस का कहना है कि सीजेपी की ओर से हुई पत्थरबाजी में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सहित 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए। इन झड़पों में करीब 70 प्रदर्शनकारी भी घायल हुए हैं। घायलों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि हिरासत में जिन लोगों को लिया गया है उनमें से कई लोग छात्र नहीं हैं। पुलिस साजिश के तहत हिंसा एंगल की भी जांच कर रही है। सूत्रों का कहना है कि हिंसा मामले में कुछ लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।

CJP Protest Live Updates
CJP Protest Live: RML अस्पताल में घायलों से मिले केजरीवाल, नड्डा भी पहुंचे, CJP के प्रदर्शन के दौरान कल हुई थी हिंसा

CJP Protest Live Updates: पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इसके बाद उपद्रवियों ने पुलिस बल पर पत्थरों और अन्य चीजों से हमला कर दिया, अवरोधक तोड़ने की कोशिश की तथा सरकारी संपत्तियों को निशाना बनाया। इस बड़े पैमाने पर हुई हिंसा से कानून-व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की सुरक्षा के समक्ष गंभीर संकट खड़ा हो गया। पुलिस ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों में विशेष पुलिस आयुक्त, संयुक्त पुलिस आयुक्त, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रैंक के अधिकारियों के अलावा कई महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। वहीं, इस झड़प में करीब 60 प्रदर्शनकारियों के भी घायल होने की सूचना है। शेष घायल पुलिसकर्मियों का चिकित्सीय-कानूनी परीक्षण (एमएलसी) कराया जा रहा है।

24 दिनों से भूख हड़ताल पर सोनम वांगचुक
CJP फाउंडर अभिजीत दिपके ने कहा कि संगठन की ओर से कोई भी गलत कदम नहीं उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संसद मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा, ताकि आंदोलन को बदनाम करने का कोई मौका न मिले। वहीं, 23 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म करने के लिए सरकार के सामने तीन शर्तें रखी हैं। पहली मांग है कि सरकार शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक मामलों की जिम्मेदारी स्वीकार करे। दूसरी मांग के तहत CJP प्रतिनिधिमंडल को संसद जाने की अनुमति दी जाए और सांसदों की ओर से मुद्दा उठाने का भरोसा दिया जाए। तीसरी शर्त यह है कि अगर स्वास्थ्य कारणों से सोनम वांगचुक संसद नहीं जा सकते हैं तो सांसद सफदरजंग अस्पताल पहुंचकर उन्हें यही आश्वासन दें।

BNSS की धारा 163 लागू
प्रदर्शन और मानसून सत्र को देखते हुए नई दिल्ली इलाके में BNSS की धारा 163 लागू कर दी गई है। डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि इसके तहत पांच या उससे ज्यादा लोगों के एक जगह जमा होने, विरोध प्रदर्शन, जुलूस और धरने पर रोक रहेगी। हालांकि, जंतर-मंतर पर प्रशासन की अनुमति के बाद शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा सकता है। सीजेपी संसद मार्च से जुड़ी पल-पल की लाइव अपडेट्स के लिए जुड़े रहें हमारे साथ।

क्या हैं CJP की प्रमुख मांगें?

  • NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग।
  • परीक्षा में हुई गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग।
  • बढ़ती बेरोजगारी, सरकारी भर्ती परीक्षाओं में देरी और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगना।

JUL 21, 2026 12:02 IST

CJP Protest Live: घायलों से मिलने RML अस्पताल पहुंचे केजरीवाल

जंतर-मंतर की हिंसा में घायल युवा दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती हैं। मंगलवार को घायल युवकों से मिलने के लिए आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल अस्पताल पहुंचे। उनके साथ दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और पूर्व मंत्री सौरव भारद्वाज भी थे। सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 'संसद चलो' मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों एवं पुलिस के बीच भिड़ंत हुई। इस हिंसा में पुलिस और प्रदर्शनकारी दोनों घायल हुए।
JUL 21, 2026 11:24 IST

CJP Protest Live:घायलों से मिलने अस्पताल जा सकते हैं राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जंतर-मंतर हिंसा में घायल लोगों का हाल-चाल जानने अस्पताल जा सकते हैं। वहीं, राम मनोहर लोहिया अस्पताल का कहना है कि अब तक उसके पास 100 से ज्यादा मेडिकल लीगल केस दर्ज हुए हैं।
JUL 21, 2026 10:29 IST

'असहमति की आवाज को लाठियों से नहीं दबाया जा सकता'

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा, 'हमें इस बात पर गर्व है कि हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र हैं, लेकिन लोकतंत्र में असहमति की आवाज को लाठियों से नहीं दबाया जा सकता। जंतर-मंतर पर पिछले 30 दिनों से प्रदर्शन चल रहा है और 20 दिनों से लोग भूख हड़ताल पर बैठे हैं। क्या सरकार उनके मरने का इंतजार कर रही थी? कल जब देश का युवा सड़कों पर उतरा तो जिस तरह की बर्बरता उनके साथ की गई, वह बेहद चौंकाने वाली थी। मुझे लगा कि जब युवा भूखे-प्यासे सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, तब मैं चुप नहीं रह सकता। इसलिए मैंने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्वयं इस आंदोलन में शामिल होने का फैसला किया।'
JUL 21, 2026 10:26 IST

CJP Protest Live: जंतर-मंतर हिंसा मामले में 4 प्राथमिकी दर्ज

जंतर-मंतर हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस ने कर्तव्य पथ थाने में चार प्राथमिकी दर्ज की है। हिंसा की साजिश के सबूत मिलने पर FIR दर्ज हुई है। तोड़फोड़-मारपीट, पुलिस पर हमला एवं पथराव करने, बिना इजाजत ड्रोन उड़ाने मामले में केस दर्ज हुआ है। चारों एफआईआर में संगीन धाराएं जोड़ी गई हैं।
JUL 21, 2026 09:07 IST

CJP Protest Live Updates:11 बजे पीसी करेंगे केजरीवाल


आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वह मंगलवार को 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। केजरीवाल ने कहा है कि सोमवार को प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ बर्बरता की गई।
JUL 21, 2026 09:02 IST

CJP Protest Live Updates: जंतर-मंतर पर फिर जुटना शुरू हुए प्रदर्शनकारी

सीजेपी के प्रदर्शनकारी मंगलवार सुबह जंतर-मंतर पर एक बार फिर जुटना शुरू हुए। सीजेपी का कहना है कि अपनी मांगें पूरी होने तक वे प्रदर्शन करते रहेंगे। सीजेपी के रुख को देखते हुए जंतर-मंतर पर भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
JUL 21, 2026 08:47 IST

CJP Protest Live Updates: छात्राओं से मैं माफी मांगता हूं-दीपके

X पर अपने पोस्ट में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि 'मैं हमारे सभी समर्थकों, खासकर उन छात्राओं से माफी मांगता हूं, जिन्हें पुरुष पुलिसकर्मियों ने बेरहमी से पीटा। हम इससे बेहतर कर सकते थे। मैं भी आपको दिल्ली पुलिस की अमानवीय कार्रवाई से बचाने के लिए और बेहतर प्रयास कर सकता था। 20 से अधिक छात्रों की मौत के लिए जिम्मेदार धर्मेंद्र प्रधान को बचाने के लिए सरकार कई और युवा छात्रों का खून बहाने तक को तैयार थी। अगर आप घायल हुए हैं और यह संदेश देख रहे हैं, तो कृपया मुझे डायरेक्ट मैसेज (DM) करें। मैं आपसे व्यक्तिगत रूप से बात करना चाहता हूं और आपसे माफी मांगना चाहता हूं। हम आप सभी के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।'
JUL 21, 2026 08:07 IST

CJP Protest Live Updates: जंतर-मंतर पर बढ़ाई गई सुरक्षा

JUL 20, 2026 23:59 IST

केरल हाउस के पास धरना जारी

सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली पुलिस पर अपने "संसद चलो" मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग करने का आरोप लगाया। पार्टी का आरोप है कि कई छात्र घायल हुए और सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे आंगमो को धक्का दिया गया। यह सब तब हुआ जब पुलिस द्वारा जंतर-मंतर पर मंच हटाए जाने के बाद भी पार्टी ने केरल हाउस के पास धरना जारी रखा। हालांकि, पुलिस ने आंगमो पर हमले के आरोप को पूरी तरह से झूठा और भ्रामक बताते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने दावा किया कि किसी भी व्यक्ति को लक्षित हमले का शिकार नहीं बनाया गया। ये आरोप तब सामने आए जब पुलिस ने संसद की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया और विरोध स्थल को खाली करा दिया। शाम तक, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके, प्रवक्ता आशुतोष रांका, सौरभ दास और आंगमो ने केरल हाउस के पास धरना जारी रखा और कहा कि पुलिस की कार्रवाई के बावजूद आंदोलन जारी रहेगा।
JUL 20, 2026 22:50 IST

118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल

हिंसक प्रदर्शन में 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों में स्पेशल कमिश्नर, ज्वाइंट कमिश्नर, एडिशनल कमिश्नर, डीसीपी, एडिशनल डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं। कई महिला पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। पुलिस के मुताबिक, झड़प के दौरान करीब 60 प्रदर्शनकारियों के घायल होने की भी सूचना है। घायल पुलिसकर्मियों का मेडिकल और MLC कराया जा रहा है। हिंसक भीड़ ने करीब 15 से 20 सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा अन्य सरकारी संपत्ति में भी तोड़फोड़ की गई। दिल्ली पुलिस ने अब तक करीब 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, हिंसा, पुलिसकर्मियों पर हमला, सरकारी काम में बाधा डालने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और दंगा समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि हिंसा और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि राजधानी में कानून-व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
JUL 20, 2026 22:23 IST

सोनम वांगचुक की सेहत का अपडेट

20 जुलाई को शाम 7 बजे तक सोनम वांगचुक की सेहत का अपडेट | सोनम वांगचुक का VMMC और सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनके ज़रूरी हेल्थ पैरामीटर स्थिर हैं। हालांकि उनका ब्लड शुगर लेवल कम बना हुआ है, लेकिन ओरल रिहाइड्रेशन थेरेपी (ORS) और पोटैशियम सिरप देने के बाद खून के दूसरे पैरामीटर में सुधार हुआ है। वे VMMC और सफदरजंग अस्पताल और AIIMS, नई दिल्ली के एक्सपर्ट्स की मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम की कड़ी निगरानी में हैं। हल्के से मध्यम डिहाइड्रेशन से उबरने और किसी भी संभावित जटिलता की जल्द पहचान और रोकथाम के लिए लगातार क्लिनिकल निगरानी जरूरी है। सभी ज़रूरी मेडिकल देखभाल दी जा रही है और उनकी क्लिनिकल स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। आगे का इलाज उनकी क्लिनिकल प्रोग्रेस और समय-समय पर होने वाली लैब जांच के आधार पर तय किया जाएगा।
JUL 20, 2026 19:30 IST

अब तक 70 लोगों को हिरासत में लिया गया

पुलिस के मुताबिक अब तक 70 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें से कई लोग छात्र नहीं हैं। हिंसा के पीछे साजिश की भी जांच होगी। पुलिस इस मामले में पाकिस्तान एंगल की भी जांच कर रही है। दरअसल पाकिस्तान के अलग अलग हैंडल से हिंसा को लेकर कई ट्वीट आ रहे हैं। प्रदर्शन को लेकर लगतार अफवाहे फैलाई जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने जनपथ पर कई दुकानें तोड़ी हैं। हिंसा में 5 से ज्यादा IPS अफसर घायल हुए हैं।
JUL 20, 2026 17:58 IST

दिल्ली पुलिस ने की शांति की अपील

दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त मुख्य पुलिस अधिकारी/पीआरओ राजीव रंजन ने कहा, दिल्ली पुलिस सभी प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने, संयम बरतने और शांति एवं सार्वजनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने में पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील करती है। सभी प्रदर्शनकारियों से अनुरोध है कि वे शांतिपूर्ण व्यवहार करें, किसी भी गैरकानूनी या हिंसक गतिविधि में शामिल न हों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों या कर्मियों द्वारा जारी किए गए कानूनी निर्देशों का पालन करें। जनता को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी मंच के माध्यम से अफवाहों, गलत सूचनाओं या अपुष्ट सामग्री पर विश्वास न करें और न ही उनका प्रसार करें। नागरिकों से अनुरोध है कि वे केवल प्रामाणिक सूचना स्रोतों पर भरोसा करें और शांति, सद्भाव और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में दिल्ली पुलिस को अपना सहयोग दें।
JUL 20, 2026 17:10 IST

दिल्ली: फिरोज शाह रोड पर प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस कर्मियों पर पथराव किया

JUL 20, 2026 16:55 IST

जेपी नड्डा ने कहा - अच्छी बातचीत हुई ​

वहीं, जेपी नड्डा ने कहा, आज सुबह पहली बार प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार के साथ बातचीत करने का प्रस्ताव आया और सुबह 11:50 AM से ही हमारी बातचीत जारी है। सौहार्दपूर्ण वातावरण में मुलाकात हुई। उनके डेलीगेशन के साथ विस्तार से पहले मौखिक चर्चा हुई और उनके द्वारा लगभग 4 बजे मुझे लिखित याचिका दी गई।
मैंने सभी प्रदर्शनकारियों से अनुरोध किया कि वे अपने धरने को समाप्त करें और सामान्य स्थिति बहाल करने में प्रशासन की मदद करें।
JUL 20, 2026 16:35 IST

पुलिस ने अभिजीत दिपके को हिरासत में लेने की खबर को बताया अफवाह

उधर, दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके को हिरासत में लेने की खबर को अफवाह बताया है। दिल्ली पुलिस ने अपने X हैंडल से एक पोस्ट में कहा, 'सोशल मीडिया पर ऐसी भ्रामक खबरें फैल रही हैं कि दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके को हिरासत में ले लिया है। आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट किया जाता है कि ये आरोप पूरी तरह से गलत हैं और वे मंच पर मौजूद हैं।
JUL 20, 2026 16:22 IST

Sansad March Live: सीजेपी के नेताओं की जेपी नड्डा से मुलाकात

सीजेपी के नेता सौरव दास ने की जेपी नड्डा से मुलाकात, कहा- मांग पूरी होने तक जारी रहेगा प्रदर्शन
JUL 20, 2026 16:19 IST

जंतर-मंतर पर अभिजीत दिपके

JUL 20, 2026 16:17 IST

जंतर-मंतर खाली कराया गया

जंतर-मंतर खाली कराया गया, सेंट्रल दिल्ली में हालात सामान्य
JUL 20, 2026 15:54 IST

धर्मेंद्र प्रधान और अमित शाह के बीच पिछले 3 घंटे से बैठक जारी

धर्मेंद्र प्रधान और अमित शाह के बीच पिछले 3 घंटे से बैठक जारी, किरेन रिजिजू भी हुए शामिल