कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को नागपुर में अपने संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर रखकर और 'मोदी चालीसा' बजाकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तंज कसा। उन्होंने 'मेटा और इंस्टाग्राम पर सेंसरशिप लागू करने' तथा पांच लाख से अधिक पोस्ट हटाए जाने का आरोप लगाया।
सोशल मीडिया सेंसरशिप पर भड़के दिपके
दीपके ने दावा किया कि इस साल जनवरी से जून के बीच इंस्टाग्राम से राजनीतिक सामग्री वाले 50 लाख से ज्यादा पोस्ट हटा दिए गए।
उन्होंने कहा, 'इसलिए हमने सोचा कि अगर हम मीडिया से बातचीत के दौरान मोदीजी की तस्वीर रखें, तो शायद इंस्टाग्राम इस संवाददाता सम्मेलन को अपने मंच से न हटाए।'दीपके ने मोदी की तस्वीर की तरफ इशारा करते हुए कहा, 'मैं और कॉजपा के सह-संयोजक आशुतोष रांका 'आदरणीय, सम्माननीय और महामानव प्रधानमंत्री' की उपस्थिति में आपसे बात कर रहे हैं।'
'युवाओं ने देश में जवाबदेही की संस्कृति को वापस ला दिया है'
यह पूछे जाने पर कि क्या इस 'मोदी चालीसा' से हिंदुओं की भावनाएं आहत हो सकती हैं, दीपके ने कहा कि संबंधित गाने के गायक और भाजपा के उस सोशल मीडिया मंच के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए, जहां से यह ऑडियो लिया गया है। 'जेन-जी' के योगदान के बारे में बात करते हुए दीपके ने कहा कि युवाओं ने देश में जवाबदेही की संस्कृति को वापस ला दिया है। उन्होंने नीट प्रश्पत्र लीक के खिलाफ इस साल हुए विरोध-प्रदर्शनों के बीच तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का उदाहरण दिया। कॉजपा संस्थापक ने कहा, 'पिछले 12 वर्षों से देश सवाल उठाने से डरता रहा है; लेकिन 'जेन-जी' ने लोगों को हिम्मत और आवाज दी है, जो उसका सबसे महत्वपूर्ण योगदान है।'
'जेन-जी' अच्छे अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर बुनियादी ढांचा चाहती है'
दीपके ने कहा कि कॉजपा की किसी राजनीतिक दल के गठन की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा, 'हम यहां किसी पार्टी का समर्थन करने नहीं आए हैं। हमारा झुकाव किसी भी पार्टी की तरफ नहीं है; हमारी प्रतिबद्धता इस देश के युवाओं के प्रति है।' दीपके ने कहा कि कॉजपा उत्तर प्रदेश में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनावों में किसी पार्टी का समर्थन नहीं करेगी। उन्होंने कहा, 'कॉजपा चाहती है कि चुनाव युवाओं से जुड़े मुद्दों पर लड़े जाएं। 'जेन-जी' अच्छे अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर बुनियादी ढांचा चाहती है। युवा जाति और धर्म से जुड़े मुद्दों पर चर्चा नहीं चाहते, जिन्हें अक्सर चुनावों के दौरान उछाला जाता है। हम शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवा और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के बारे में बात करेंगे।'
वहीं, रांका ने इन आरोपों को खारिज कर दिया कि कॉजपा का गोवा का हालिया दौरा राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव से पहले दबाव बनाने की एक चाल थी। रांका ने कहा, 'कॉजपा का इरादा किसी सरकार को गिराना या उसकी जगह कोई दूसरी सरकार लाना नहीं है। हम चाहते हैं कि गोवा सहित अन्य जगहों पर चुनाव, लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर लड़े जाएं।'
