China India Relation: अपने नागरिकों के लिए वीजा सुविधा दोबारा शुरू करने के भारत सरकार के फैसले पर चीन ने खुशी जाहिर की है। चीन ने कहा है कि इससे दोनों देशों को 'काफी लाभ होगा'। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि वीजा सुविधा दोबारा शुरू होने से एक-दूसरे के यहां लोगों का आना-जाना बढ़ेगा और इससे दोनों देशों को फायदा होगा। 2020 के गलवान झड़प के बाद दोनों देशों के रिश्तों में काफी तल्खी आ गई। अब दोनों देशों के रिश्ते धीरे-धीरे पटरी पर आने शुरू हुए हैं।
पटरी पर लौट रहे भारत और चीन के रिश्ते।
24 जुलाई से भारत जारी करेगा वीजा
X पर अपने एक पोस्ट में चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा, 'चीनी नगारिकों के लिए पर्यटक वीजा दोबारा शुरू करने वाले भारत के फैसले को हमने देखा है। यह एक सकारात्मक कदम है। सीमा पार की यात्रा को आसान बनाए जाने से काफी लाभ होगा। दोनों देशों के बीच यात्रा सुविधा को और मजबूत बनाने के लिए चीन पड़ोसी देश भारत के साथ संवाद और परामर्श जारी रखेगा।' रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक भारत सरकार इस साल 24 जुलाई से चीनी नागरिकों को पर्यटक वीजा जारी करना शुरू करेगी।
कोविड-19 महामारी के दौरान वीजा सुविधा बंद
भारत ने 2020 में मुख्य तौर पर कोविड-19 महामारी के कारण चीनी नागरिकों को पर्यटक वीजा जारी करना स्थगित कर दिया था, लेकिन पूर्वी लद्दाख सीमा विवाद के मद्देनजर ये प्रतिबंध जारी रहे। बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि चीनी नागरिक बृहस्पतिवार से पर्यटक वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं। एक अधिसूचना में वीजा के लिए आवेदन करने की आवश्यक प्रक्रियाओं के साथ ही बीजिंग, शंघाई और ग्वांगझू में संबंधित भारतीय वीजा आवेदन केंद्रों पर जमा किए जाने वाले आवश्यक दस्तावेज के बारे में भी जानकारी दी गई है।
14-15 जुलाई को चीन दौरे पर थे विदेश मंत्री
विदेश मंत्री एस. जयशंकर द्वारा बीजिंग में अपने चीनी समकक्ष वांग यी के साथ वार्ता के लगभग डेढ़ सप्ताह बाद भारतीय दूतावास द्वारा पर्यटन वीजा फिर से शुरू किए जाने का निर्णय लिया गया है। जयशंकर ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के विदेश मंत्रियों के सम्मेलन में शिरकत करने के लिए 14-15 जुलाई को चीन का दौरा किया था। विदेश मंत्री ने चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग से भी वार्ता की और उन्हें बताया कि द्विपक्षीय संबंधों को निरंतर सामान्य करने के प्रयास पारस्परिक लाभकारी परिणाम प्रदान कर सकते हैं। पिछले महीने, दोनों पक्षों ने लगभग पांच साल के अंतराल के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू की।
