Chhattisgarh Bus Accident: छत्तीसगढ़ में मंगलवार की रात बड़ा हादसा हुआ है। 40 लोगों से भरी एक बस खाई में गिर गई है, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
दुर्ग में पलटी बस
मिली जानकारी के अनुसार छ्त्तीसगढ़ के दुर्ग में कर्मचारियों से भरी बस एक खदान में पलट गई। बस पलटने की इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। बस में फंसे लोगों को निकालने की प्रक्रिया जारी है। घटना कुम्हारी थाना क्षेत्र के केडिया रोड पर हुई।
50 फीट गहरी खाई में गिरी बस
पुलिस के मुताबिक बस केडिया डिस्टलरी से रायपुर कुम्हारी रोड की ओर जा रही थी। तभी बस कुम्हारी थाना क्षेत्र के पास मुरुम खदान में 50 फीट नीचे गड्ढे में गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घटना स्थल पर राहत एवं बचाव कार्य अभी भी जारी है। बचाव कार्य के लिए दो क्रेन तैनात की गई हैं और लोगों को निकाला जा रहा है। घायलों को भिलाई-दुर्ग और रायपुर रेफर किया जा रहा है। कुछ लोगों को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है।
सीएम ने ट्वीट कर जताया दुख
छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा- "दुर्ग के कुम्हारी के पास निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई। इस दुर्घटना में 11 कर्मचारियों के निधन का समाचार प्राप्त हो रहा है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकसंतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। दुर्घटना में घायल कर्मचारियों के ईलाज का समुचित प्रबंध किया गया है। मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।"
