Chandrayaan-3: इसरो का चंद्रयान-3 चंद्रमा पर सफलता पूर्वक लैंड कर चुका है। इसी के साथ भारत ने इतिहास रच दिया है। पूरी दुनिया इस उपलब्धि के लिए भारत को बधाई दे रही है। इस बीच इसरो ने चंद्रयान-3 को लेकर नया अपडेट दिया है। इसरो की ओर से दी गई ताजा जानकारी के मुताबिक, चंद्रयान-3 के लैंडर ने चांद की जमीन पर उतरकर अपना काम शुरू कर दिया है।
चंद्रयान-3 के लैंडर से भेजी गई पहली तस्वीर
इसरो ने बताया है कि चंद्रयान-3 के लैंडर और और MOX-ISTRAC(ISRO Telemetry, Tracking and Command Network) के बीच संचार लिंक स्थापित हो गया है और कम्यूनिकेशन शुरू हो गया है। चंद्रयान-3 के लैंडर उतरने के बाद इसरो कमांड सेंटर को चंद्रमा की पहली तस्वीरें भी भेजी हैं। ये तस्वीरें चंद्रयान-3 के लैंडर हॉरिजॉन्टल वेलोसिटी कैमरे द्वारा ली गई थीं। लैंडर ने उतरते समय इन तस्वीरों को क्लिक किया था।
पूरे देश ने देखा ऐतिहासिक क्षण
इसरो को इतिहास रचते हुए पूरे देश ने देखा। इसरो की ओर से चंद्रयान-3 की लैंडिंग का लाइव प्रसारण दिखाया गया था। जैसे-जैसे चंद्रयान-3 चंदा मामा के करीब आ रहा था, पूरे देश की धड़कनें भी तेज होती जा रही थीं। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गए प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस ऐतिहासिक क्षण को लाइव देखा। सफल लैंडिंग के बाद उन्होंने इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने इसरो चीफ से फोन पर बात भी की।
पीएम बोले- 'चंदा मामा टूर के'
चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसरो को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कभी ऐसा कहा जाता था कि "चंदा मामा बहुत दूर के", मगर एक दिन ऐसा भी आएगा जब बच्चे कहा करेंगे कि "चंदा मामा बस एक टूर के हैं"। उन्होंने कहा, हमारे साइंटिस्ट्स की मेहनत और प्रतिभा से देश चांद के उस दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचा है, जहां आज तक दुनिया का कोई भी देश नहीं पहुंच सका है। अब आज के बाद से चांद से जुड़े मिथक बदल जाएंगे। कथानक भी बदल जाएंगे। और नई पीढ़ी के लिए कहावतें भी बदल जाएंगी।
